मुख्यपृष्ठनए समाचार`अगर आपका नाम अडानी होता तो एक ही रात में सड़कें अच्छी...

`अगर आपका नाम अडानी होता तो एक ही रात में सड़कें अच्छी हो जातीं!’… आदित्य ठाकरे ने साधा सीएम पर निशाना

सामना संवाददाता / पुणे

शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे ने हिंजवड़ी में ट्रैफिक जाम, सड़कों की बदहाली और अटके पड़े मेट्रो प्रोजेक्ट को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर जोरदार हमला बोला। `मुख्यमंत्री लगातार कहते हैं कि सरकार का हिंजवड़ी पर विशेष ध्यान है, क्या इस विशेष ध्यान को विशेष अनदेखी कहें?’, यह सवाल पूछते हुए आदित्य ठाकरे ने तंज कसा कि अगर आपका नाम अडानी होता तो एक ही रात में सड़कें अच्छी हो जातीं।
आदित्य ठाकरे ने १८ अगस्त को हिंजवड़ी इलाके का दौरा करके वहां की सड़कों की बदहाली और ट्रैफिक जाम का जायजा लिया था। साथ ही वहां के नागरिकों और आईटी कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को समझा था और उन्हें प्रशासन के सामने रखा था। उस पर प्रशासन ने पिछले दो महीनों में क्या कार्रवाई की और नागरिकों को दिए गए आश्वासन पूरे हुए या नहीं, यह जानने के लिए आदित्य ठाकरे ने कल यनी रविवार को फिर हिंजवड़ी का दौरा किया। इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए राज्य सरकार और मुख्यमंत्री फडणवीस पर तीखा हमला बोला।
सिर्फ फंड नहीं, काम का क्रियान्वयन करें
मुख्यमंत्री फडणवीस ने हिंजवड़ी में विकास कार्यों के लिए ४२६ करोड़ रुपए के फंड का एलना किया था। लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, ऐसा आरोप आदित्य ठाकरे ने लगाया। उन्होंने मांग की कि केवल फंड घोषित करने से काम नहीं चलेगा, बल्कि मुख्यमंत्री को खुद सड़कों पर उतरकर काम शुरू करवाना चाहिए।
मुख्यमंत्री महाराष्ट्र को रेगिस्तान बना रहे हैं
राज्यभर में हो रही पेड़ों की कटाई को लेकर भी आदित्य ठाकरे ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि उद्योगपति अडानी और बिल्डरों के फायदे के लिए हर जगह पेड़ों की कटाई की जा रही है और मुख्यमंत्री फडणवीस महाराष्ट्र को रेगिस्तान बना रहे हैं।

अन्य समाचार