मुख्यपृष्ठनए समाचारमुर्गी फार्म में मौत की फैक्ट्री!

मुर्गी फार्म में मौत की फैक्ट्री!

– १०० करोड़ की एमडी ड्रग्स ने खोला ‘डी-कंपनी’ कनेक्शन
-चंदगढ़ में ५० किलो मेफेड्रोन और जहरीले रसायन जब्त

​फिरोज खान / मुंबई

महाराष्ट्र के सीमावर्ती इलाकों को अपनी काली करतूतों का अड्डा बनाने वाली देश विरोधी ताकतों के खिलाफ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और पुलिस ने करारा प्रहार किया है। कोल्हापुर जिले के चंदगढ़ (हजगोली) में एक मुर्गी फार्म की आड़ में फल-फूल रहे मौत के कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने करीब १०० करोड़ रुपए मूल्य की ५० किलोग्राम एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स और भारी मात्रा में जहरीले रसायन जब्त किए हैं।​ इस पूरी कार्रवाई ने पश्चिमी महाराष्ट्र के सीमावर्ती क्षेत्रों में हड़कंप मचा दिया है, लेकिन सबसे चौंकाने वाला खुलासा इसके तार दाऊद इब्राहिम गिरोह और उसके अंतर्राष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े होने को लेकर हुआ है।
​जांच एजेंसियों के हाथ लगे पुख्ता सबूतों के मुताबिक, हजगोली गांव में बनाई गई इस अवैध लैब को खड़ा करने और चलाने के लिए फंडिंग का खेल मुंबई, बेलगाम और सीधे दुबई से रचा जा रहा था। इस पूरे ड्रग्स सिंडिकेट के पीछे डी-कंपनी के कुख्यात गुर्गे सलीम डोला के अंतर्राष्ट्रीय कनेक्शन उजागर हुए हैं।
​हवाला कारोबार और काले धन की बदौलत इस फैक्ट्री में हर दिन बड़ी मात्रा में जहर तैयार किया जा रहा था, ताकि देश की युवा पीढ़ी को नशे के दलदल में धकेला जा सके। सबसे अहम बात यह है कि इस ड्रग्स के कारोबार के साथ-साथ ब्लैकमनी व्हाइट करने का भी खेल चल रहा था।
​६ गुर्गे गिरफ्तार, खुलेंगे कई बड़े राज
​एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की इस ताबड़तोड़ छापेमारी में अब तक ६ आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है। पुलिस की कड़ी पूछताछ में कई सफेदपोशों और विदेशी आकाओं के नाम बाहर आ रहे हैं। ​कानून प्रवर्तन एजेंसियों का साफ कहना है कि महाराष्ट्र की माटी को नशे का अड्डा बनाने की साजिश रचने वाले चाहे मुंबई में छिपे हों या दुबई में, किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

अन्य समाचार