मुख्यपृष्ठनए समाचारप्यार टूटा तो रचा ‘ड्रग्स पार्टी’ का झूठ!

प्यार टूटा तो रचा ‘ड्रग्स पार्टी’ का झूठ!

-प्रेमी को फंसाने चली थी, खुद पहुंची सलाखों के पीछे

फिरोज खान / मुंबई

पुलिस के पास एक ऐसा केस आया है जो किसी फिल्मी ड्रामा से कम नहीं है। पहले लड़का और लड़की की दोस्ती हुई, प्यार हुआ, इसके बाद शादी की बात भी हुई। शादी की बात होते ही लड़की का असली रूप सामने आने लगा। वह तुनकमिजाज निकली। बात-बात पर उग्र होना और हिंसक होना उसका रोज का व्यवहार बन गया था। तंग आकर लड़के ने सगाई तोड़कर पीछा छुड़ाने की कोशिश की। इससे लड़की का गुस्सा और बढ़ गया और उसने प्रेमी को फंसाने की साजिश रच डाली। साजिश नाकाम हो गई और वह खुद ही जेल की सलाखों के पीछे पहुंच गई।
जानकारी के मुताबिक, साकीनाका का एक युवक (बदला हुआ नाम – रोहन) असल में बीकानेर का रहने वाला है। उसकी सोशल मीडिया के जरिए एक युवती (बदला हुआ नाम – संगीता) से दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। जब प्यार का मामला चल रहा था, तो प्रेमिका उससे हर बात पर जिद करने लगी। जिद पूरी न होने पर सिर पर वार करना और कलाई काटने जैसी हरकतें करने लगी। उसकी जिद कम करने के लिए युवक ने दोनों परिवारों की सहमति से उससे सगाई कर ली, लेकिन सगाई के बाद उसकी जिद कम होने के बजाय और बढ़ गई। इससे परेशान होकर रोहन ने दोनों परिवारों की सहमति से सगाई तोड़ दी।
झूठी टिप पर पुलिस का छापा, घर निकला साफ!
१३ अगस्त को युवती को पता चला कि रोहन के दोस्त उसके घर आए हैं। आरोप है कि उसने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर घर में ड्रग्स पार्टी और नशे के इस्तेमाल की झूठी सूचना दे दी। पुलिस ने तत्काल छापा मारा, लेकिन जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। बाद में सूचना झूठी पाए जाने पर पुलिस ने युवती के खिलाफ झूठी सूचना देने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया। अब पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

अन्य समाचार