मीरा रोड में सेक्स रैकेट का पर्दाफाश
सुरेश गोलानी / मुंबई
मीरा-भायंदर व वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय से जुड़ी महिला अत्याचार प्रतिबंधक संरक्षण कक्ष ने व्हॉट्सऐप के माध्यम से देह व्यापार चलाने वाली एक बांग्लादेशी महिला दलाल को गिरफ्तार किया है। देह व्यापार चलाने वाले गिरोह के बारे में गुप्त सूचना मिलने के बाद संरक्षण कक्ष की वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शीतल मुंडे ने बोगस ग्राहक की मदद से महिला दलाल से संपर्क किया। सूचना की पुष्टि करने के बाद मुंडे ने अपनी टीम के साथ सोमवार को मीरा रोड के हाटकेश इलाके में स्थित गौरव वुड्स नामक इमारत के फ्लैट में छापा मारा और ३९ वर्षीय महिला को जिस्म के सौदे के एवज में १२,००० रुपए लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। उल्लेखनीय है कि महिला एक बांग्लादेशी नागरिक है जो कथित रूप से मीरा रोड में अवैध तरीके से रह रही थी और अपने साथीदार के साथ मिलकर जिस्मफरोशी का धंधा चला रही थी। पुलिस ने मौके से दो लड़कियों को भी देह व्यापारियों के चंगुल से आजाद कराया और उन्हें उनकी हिफाजत के लिए रेस्क्यू फाउंडेशन नामक गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) को कांदिवली स्थित सुधार गृह में भेज दिया। महिला के खिलाफ मीरा रोड पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता और अनैतिक व्यापार (रोकथाम) अधिनियम (प्रिवेंशन ऑफ इम्मोरल ट्रैफिकिंग एक्ट) १९५६ की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
