मुख्यपृष्ठनए समाचारमहंगा टिकट, फिर भी सिरदर्द बना एसी लोकल का सफर!

महंगा टिकट, फिर भी सिरदर्द बना एसी लोकल का सफर!

 – लेट-लतीफी और अचानक रद्द हो रहीं ट्रेनें
– प्रीमियम सेवा से यात्रियों का उठने लगा भरोसा

द्रुप्ति झा / मुंबई

मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों में आरामदायक सफर के लिए शुरू की गई एसी लोकल सेवा अब यात्रियों की परेशानी का कारण बनती जा रही है। सामान्य लोकल के मुकाबले कई गुना अधिक किराया चुकाने के बावजूद यात्रियों को लगातार लेट-लतीफी, तकनीकी खराबी और ऐन वक्त पर ट्रेनों के रद्द होने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इससे प्रीमियम सेवाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठने लगे हैं।
रोजाना सफर करने वाले यात्रियों का कहना है कि उन्होंने समय पर और सुविधाजनक यात्रा की उम्मीद में महंगे मासिक पास खरीदे, लेकिन हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। अंधेरी से विरार तक सफर करने वाले एक यात्री के अनुसार, सामान्य लोकल की तुलना में कई गुना अधिक किराया देने के बाद भी ट्रेनें समय पर नहीं चल रहीं, जिससे कार्यालय पहुंचने में देरी और आर्थिक नुकसान दोनों झेलने पड़ रहे हैं।
यात्रियों की सबसे बड़ी शिकायत यह है कि तकनीकी खराबी का हवाला देकर कई बार एसी लोकल रद्द कर दी जाती है और उसकी जगह सामान्य लोकल चला दी जाती है। ऐसे में एसी टिकटधारकों को भीड़भरे डिब्बों में सफर करने के लिए मजबूर होना पड़ता है। पीक आवर्स में इससे प्लेटफॉर्म पर भीड़ और सुरक्षा संबंधी जोखिम भी बढ़ जाता है।

अन्य समाचार