मुख्यपृष्ठनए समाचारशिंदे गुट की महिला नेता जबरन वसूली मामले में गिरफ्तार... भंगार व्यवसायी...

शिंदे गुट की महिला नेता जबरन वसूली मामले में गिरफ्तार… भंगार व्यवसायी की शिकायत पर कार्रवाई

सामना संवाददाता / नई मुंबई

नई मुंबई में राजनीतिक गलियारों में उस समय खलबली मच गई, जब पुलिस ने उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे गुट की महिला आघाडी की उपजिलाप्रमुख पूजा बनसोडे को जबरन वसूली के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई एक भंगार व्यवसायी की शिकायत पर की गई है।
खबरों के अनुसार, पूजा बनसोडे पर आरोप है कि उन्होंने एक कबाड़ व्यवसायी से २ लाख की जबरन वसूली मांगी थी। वसूली की मांग के साथ-साथ व्यवसायी के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप उन पर लगा है पीड़ित व्यवसायी ने इस प्रताड़ना से तंग आकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला नेता को धर दबोचा।
तीन आरोपी अभी भी फरार
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, इस रंगदारी और मारपीट के मामले में केवल पूजा बनसोडे ही शामिल नहीं थीं, बल्कि उनके साथ तीन अन्य लोग भी इस अपराध में शामिल थे। फिलहाल, मुख्य आरोपी पूजा बनसोडे पुलिस की गिरफ्त में हैं, जबकि मामले से जुड़े अन्य तीन आरोपी अभी भी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। सत्तारूढ़ दल की एक वरिष्ठ महिला पदाधिकारी का इस तरह जबरन वसूली और मारपीट के मामले में गिरफ्तार होना नई मुंबई और राज्य की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है। विपक्षी दलों को इस मुद्दे पर सरकार को घेरने का मौका मिल गया है। वहीं पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है, ताकि वसूली के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं का पर्दाफाश किया जा सके।

अन्य समाचार

नयन कथा