मुख्यपृष्ठनए समाचारवोटर लिस्ट को बिना सुधारे, चुनाव करके दिखाएं! ... राज ठाकरे की चुनाव...

वोटर लिस्ट को बिना सुधारे, चुनाव करके दिखाएं! … राज ठाकरे की चुनाव आयोग को चुनौती

सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र में मतदाता सूचियों में भारी गड़बड़ी है। इनमें कुल ९६ लाख फर्जी मतदाता शामिल हैं। इसलिए जब तक वोटर लिस्ट में सुधार नहीं होता और जब तक सभी राजनीतिक पार्टियां संतुष्ट नहीं होती हैं, तब तक महाराष्ट्र में चुनाव कराके दिखाओ! ऐसी जोरदार चुनौती चुनाव आयोग को देते हुए मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने कहा कि अगर महाराष्ट्र में शांतिपूर्ण चुनाव कराए जाने हैं तो पहले मतदाता सूची को साफ-सुथरा किया जाए और वास्तविक मतदाता को ही मतदान करने दिया जाए।
कल गोरेगांव (पूर्व) के नेस्को सेंटर में मनसे का एक सम्मेलन हुआ। इस सम्मेलन में मुंबई के पदाधिकारी, मतदाता सूची प्रमुख, समूह प्रमुख और उपशाखा अध्यक्ष मौजूद थे। उन्हें मार्गदर्शन करते हुए राज ठाकरे ने चुनाव आयोग, केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार के साथ-साथ अडानी-अंबानी पर भी जोरदार हमला बोला।
भाजपा कर चुकी है
‘मैच फिक्सिंग’!
राज ठाकरे का जोरदार हमला
मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने कल भाजपा पर जोरदार हमला करते हुए कहा कि देश और राज्य में सत्ता में रहनेवाली भारतीय जनता पार्टी अब मुंबई महानगरपालिका भी चाहती है। मतदाता सूचियों में फर्जी नाम भरकर भाजपा चुनावों का सामना करना चाहती है। कोई वोट करे या न करे, भाजपा की ‘मैच फिक्सिंग’ हो चुकी है। यह चुनाव मतदाताओं का अपमान है। अगर ऐसे ही चुनाव होने वाले हैं, तो फिर चुनाव क्यों लड़ें, पैसे क्यों खर्च करें और मतदान क्यों करें, ऐसा सवाल भी उन्होंने उठाया। इस दौरान उन्होंने अजीत पवार गुट के सतीश चव्हाण, एकनाथ शिंदे गुट के संजय गायकवाड और भाजपा के मंदा म्हात्रे जैसे सत्ताधारी विधायकों से जुड़े वीडियो भी दिखाए।
घोटाले के लिए हो रही है चुनाव की जल्दी!
राज ठाकरे ने मनसे के मतदाता सूची प्रमुखों को निर्देश दिया कि सभी सूचियों को ध्यान से देखें, और देखें कि किसने कहां गड़बड़ी की है। यह काम सभी पार्टियों को करना चाहिए और जब तक यह काम पूरा नहीं होता, तब तक चुनाव न कराएं, ऐसा स्पष्ट संदेश उन्होंने चुनाव आयोग को दिया। लेकिन चुनाव करवाने की जो जल्दी है, वह केवल घोटाला करने के लिए है, उन्होंने कहा कि यह शहर उद्योगपति अडानी और अंबानी की झोली में डालने की साजिश शुरू है। यहां मुंबई में जो विकास परियोजनाएं शुरू हैं वह सिर्फ और सिर्फ उद्योगपतियों के लिए है।

अन्य समाचार