फुटबॉल स्टार लियोनेल मेसी को मेजर लीग सॉकर में विपक्षी खिलाड़ी से भिड़ना भारी पड़ गया। फिलाडेल्फिया यूनियन के खिलाफ मुकाबले के दौरान मेसी की क्विन सुलिवन से तीखी बहस हुई थी। इस दौरान मेसी को सुलिवन के सिर और गर्दन के पीछे हाथ लगाते हुए देखा गया। मैच के दौरान रेफरी ने कोई कार्ड नहीं दिखाया, लेकिन वीडियो फुटेज की समीक्षा के बाद मेजर लीग सॉकर ने मेसी पर जुर्माना लगा दिया। हालांकि, जुर्माने की रकम का खुलासा नहीं किया गया है। मेजर लीग सॉकर के नियमों के मुताबिक, खिलाड़ियों को विपक्षी के चेहरे, सिर या गर्दन पर हाथ लगाने की अनुमति नहीं है। मेसी को इस नियम के उल्लंघन पर दूसरी बार सजा मिली है। इससे पहले फरवरी २०२५ में भी उन पर जुर्माना लगा था।
