-८ घंटे तक फ्लाइट्स लेट रहने से यात्री रहे बेचैन
द्रुप्ति झा / मुंबई
पिछले तीन दिनों से मुंबई एयरपोर्ट पर १५० से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दी गईं। इसकी मुख्य वजह क्रू की कमी बताई जा रही है। इससे विमान सफर यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बनता जा रहा है। इससे लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। हाल के दिनों में हवाई यात्रियों की परेशानियां काफी गंभीर हो गई हैं, जिनमें प्रमुख रूप से आनेवाली शिकायतें उड़ान में देरी, उड़ान रद्द करना शामिल हैं। इस मामले में नाराज यात्रियों का कहना है कि अडानी ग्रुप मुंबई एयरपोर्ट को ‘बस स्टॉप’ बनाकर ही दम लेगा।
बता दें कि दो दिन पहले भी मुंबई हवाई अड्डे पर उड़ान में देरी और कई उड़ानों के रद्द हो जाने से हजारों यात्रियों को घंटों एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा था। कल गुरुवार की सुबह मुंबई हवाई अड्डे पर इंडिगो-६ई के लेट होने से यात्रियों में फिर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, उड़ानें ८ घंटे तक विलंबित रहीं और कई उड़ानें रद्द भी कर दी गईं, जिससे लोग असहाय और फंसे हुए महसूस करने लगे।
यात्रियों में आक्रोश
यात्री तन्मय घई ने कहा कि एयरपोर्ट पर हजारों लोग फंसे हुए हैं क्योंकि कई उड़ानें देरी से चल रही हैं और कई रद्द कर दी गई हैं। एक अन्य यात्री अंशुका भटवाल ने कहा कि इंडिगो फ्लाइट में देरी के कारण मुंबई एयरपोर्ट पर अजीबोगरीब नजारा देखने को मिल रहा है। हिमानी पटेल ने कहा कि यह तस्वीर दिखाती है कि अब हवाई अड्डा बस स्टॉप जैसा लगता है, जहां कोई अच्छी प्रबंधन प्रणाली नहीं है। अभिषेक हिरेमठ ने कहा कि अब अडानी, एयरपोर्ट को बस स्टैंड बनाकर दम लेगा।
