मुख्यपृष्ठनए समाचारबेस्ट कर्मियों को ३१,००० रुपए बोनस!..शिवसेना के आंदोलन का असर... कर्मचारियों के...

बेस्ट कर्मियों को ३१,००० रुपए बोनस!..शिवसेना के आंदोलन का असर… कर्मचारियों के खाते में जमा हुए पैसे

सामना संवाददाता / मुंबई

शिवसेना के तीव्र आंदोलन का दबाव पड़ते ही बेस्ट प्रशासन होश में आया और तत्काल बेस्ट कर्मचारियों को ३१ हजार रुपए का दिवाली बोनस मंजूर किया गया। मुंबई मनपा की तरह ही बेस्ट उपक्रम के २३,५९६ कर्मियों-अफसरों को समान बोनस घोषित किया गया। बोनस की राशि सीधे कर्मचारियों के खातों में जमा कर दी गई। शिवसेना की आक्रामक भूमिका के कारण बेस्ट प्रशासन ने कार्रवाई में तेजी दिखाई। इससे बेस्ट कर्मचारियों की दिवाली मीठी हो गई है।
उल्लेखनीय है कि बेस्ट कर्मचारियों को दिवाली बोनस देने में आनाकानी की जा रही थी। प्रशासन की उदासीनता के विरोध में शिवसेना की बेस्ट कामगार सेना ने गुरुवार को वडाला में आंदोलन किया। इस बीच बेस्ट कामगार सेना के अध्यक्ष, विधायक, शिवसेना उपनेता सचिन अहीर ने बेस्ट और मनपा प्रशासन को चेतावनी दी थी कि बेस्ट कर्मियों को तुरंत बोनस दो, नहीं तो सड़क पर उतरकर चक्का जाम करेंगे। इससे घबराए प्रशासन ने कर्मचारियों को दिवाली बोनस देने की कार्रवाई में तेजी दिखाई। आंदोलन के २४ घंटे के भीतर ही कर्मचारियों को न केवल ३१ हजार रुपए बोनस घोषित किया गया, बल्कि वह राशि सीधे कर्मचारियों के खातों में जमा कर दी गई।
गंभीरता से लिया गया आदित्य ठाकरे का पोस्ट
‘मुंबई की दूसरी जीवन रेखा’ कहे जाने वाले बेस्ट उपक्रम में कर्मचारी दिन-रात ईमानदारी से सेवा देते हैं। ऐसा होते हुए भी उनके हक का बोनस देने में टालमटोल की जा रही थी। इसी पृष्ठभूमि में बेस्ट कामगार सेना ने आंदोलन करके कर्मचारियों को उनके हक के बोनस की राशि दिलाए जाने से बेस्ट उपक्रम के २३ हजार से अधिक कर्मचारियों-अधिकारियों के बीच खुशी का माहौल बना है।
मनपा की तरह बेस्ट के कर्मचारियों को पिछले साल से ज्यादा बोनस दिया जाए। इस तरह की मांग शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे ने ‘एक्स’ के माध्यम से रखी थी। उन्होंने कहा कि बेस्ट की मदद करना मनपा का कर्तव्य है। उनके पोस्ट को प्रशासन ने गंभीरता से लिया और बेस्ट कर्मचारियों की बोनस राशि में पिछले साल की तुलना में इस साल वृद्धि की। आदित्य ठाकरे ने इस दौरान यह भी कहा कि मनपा कुछ और पैसा खर्च करके बेस्ट के किराए की दरवृद्धि कम करे, मुंबईकरों के लिए सस्ता टिकट दर रखे और बेस्ट के बेड़े में वृद्धि करके मुंबईकरों के लिए अच्छी व सस्ती परिवहन सुविधा की व्यवस्था करे। दिवाली के समय मुंबईकरों के लिए यही महत्वपूर्ण उपहार साबित होगा।

अन्य समाचार