सामना संवाददाता / पटना
बिहार विधानसभा की तारीखें घोषित होने के बाद कांग्रेस ने बीजेपी-जेडीयू सरकार पर हमले तेज कर दिए हैं। हाल ही में राजधानी पटना स्थित कांग्रेस कार्यालय में पार्टी ने एक प्रेस कॉन्प्रâेंस कर नीतीश कुमार और भाजपा को आड़े हाथों लिया।
कांग्रेस ने बिहार चुनाव को लेकर `२० साल-विनाशकाल’ चार्जशीट जारी किया। इसमें पार्टी ने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार की सरकार ने २० साल तक बिहार को लूटा है। बिहार के लिए कांग्रेस के सीनियर ऑब्जर्वर अशोक गहलोत ने कहा कि आने वाला चुनाव सिर्फ बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश का भविष्य तय करेगा। उन्होंने कहा, `बीजेपी और नीतीश कुमार ने बीते २० साल में बिहार की जो दुर्दशा की है, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। इन वर्षों में नीतीश कुमार राज्य को नहीं बदल पाए, वो सिर्फ पाला बदलते रहे। आज बिहार हर मामले में पिछड़ गया है। मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं, लेकिन कोई एक्शन नहीं हो रहा है।’
कैग की रिपोर्ट पर घेरा
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि एनडीए की सरकार में बिहार की स्थिति बेहद खराब है। उन्होंने कहा, `सीएजी की रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि ७०,८७७ करोड़ रुपए का बिहार सरकार के पास हिसाब नहीं है। ४९,००० करोड़ रुपए के उपयोगिता प्रमाण पत्र भी नहीं है। शिक्षा, स्वास्थ्य जैसे विभागों में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार है। ५ साल के कार्यकाल में बजट की राशि उपयोग नहीं कर पाए। सरकारी फंड को एनजीओ में ट्रांसफर कर निजी संपत्ति बनाकर घोटाले हो रहे हैं।
