सामना संवाददाता / लखनऊ
समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का आधिकारिक फेसबुक खाता शुक्रवार शाम कथित तौर पर निलंबित कर दिया गया, जिस पर उनकी पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सत्तारूढ़ भाजपा पर निशाना साधा। सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘देश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय अखिलेश यादव जी के फेसबुक खाते को निलंबित करना लोकतंत्र पर हमला है। भाजपा की सरकार ने देश मे अघोषित आपातकाल लगा रखा है, जहां विरोध मे उठने वाली हर आवाज को भाजपा दबा देना चाहती है, लेकिन समाजवादी पार्टी भाजपा की जन विरोधी नीतियों का विरोध करती रहेगी।’
सूत्रों की मानें तो ८० लाख से ज्यादा `फॉलोअर्स’ वाले यादव के फेसबुक खाते को शुक्रवार शाम लगभग छह बजे निलंबित कर दिया गया। सपा प्रमुख इस पेज का इस्तेमाल नियमित रूप से अपने विचार साझा करने, सरकार की कमियों को उजागर करने और समर्थकों से जुड़ने के लिए करते थे। लखनऊ उत्तर से सपा विधायक पूजा शुक्ला ने कहा, `फेसबुक ने अपनी हदें पार कर दीं हैं, वह इस तरह लोकतंत्र को चुप नहीं करा सकता।
