विक्रम सिंह/सुल्तानपुर
यूपी में हिंदुत्व के पुरोधा गोरक्ष पीठाधीश्वर सीएम योगी आदित्यनाथ की सरकार है। ऐसे में बेसिक शिक्षा विभाग के एक तुगलकी फरमान ने हड़कंप मचा दिया है। अयोध्या परिक्षेत्र के सुल्तानपुर जिले के एक ब्लॉक दूबेपुर के खंड शिक्षाधिकारी ने सरकारी नियम का हवाला देकर विभाग के स्कूलों में कार्यरत शिक्षिकाओं को सख्त ताकीद कर दी है कि वे जियुतिया या अहोई अष्टमी में से सिर्फ एक व्रत ही रखें। क्योंकि ऐसा विभागीय सरकारी नियम है कि छुट्टी दोनों में से एक ही की मिलेगी ! यदि शिक्षिकाओं ने दोनों व्रत रखे और दोनों में अवकाश लिया तो विभागीय कार्रवाई के लिये तैयार रहें। इसकी जिम्मेदार वे स्वयं होंगी।
बीईओ का ये फरमान शनिवार की शाम सोशल मीडिया पर शिक्षकों के विभिन्न समूहों में वायरल हो गया। प्राथमिक शिक्षक संघ ने भी बीईओ के इस अटेंशन लेटर को अपने ग्रुप पर शेयर किया है। जिससे अफसरों के फैसलों व सरकारी नियमों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। बता दें कि सनातन धर्म में जियुतिया और अहोई अष्टमी दोनों महिलाओं के प्रमुख व्रत पर्व हैं। जिनमें वे ३६ घंटे निर्जला व्रत रहती हैं। गत सप्ताह जियुतिया पर्व बीत गया जबकि अगले सोमवार अहोई अष्टमी का व्रत पर्व मनाया जाएगा। ऐसे में बेसिक शिक्षा विभाग का ये आदेश चर्चा का विषय बन गया है।
