– ‘डीके’ की गिरफ्तारी से खुली वसूली की नई पोल
फिरोज खान / मुंबई
मुंबई में अंडरवर्ल्ड ने अपना काम करने का तरीका पूरी तरह बदल दिया है। एक वक्त था जब अंडरवर्ल्ड हफ्ता वसूली, सुपारी और प्रोटेक्शन मनी के जरिए कमाई करता था, लेकिन अब गैंगस्टर बोटी नहीं पूरी मुर्गी हथियाना चाहते हैं। मतलब अब वे हफ्ता नहीं, बल्कि कंस्ट्रक्शन प्रोजेक्ट में हिस्सा लेना चाहते हैं। इसलिए अंडरवर्ल्ड के गुर्गे इनडायरेक्ट एसआरए प्रोजेक्ट और कंस्ट्रक्शन लाइन में हाथ डाल रहे हैं।
बता दें कि एसआरए प्रोजेक्ट को लेकर अंडरवर्ल्ड ने एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या करवा दी थी। उस घटना से ही इसके संकेत मिलने लगे थे। शुक्रवार को मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने गैंगस्टर डीके राव को गिरफ्तार किया है।
डीके राव की गिरफ्तारी के बाद
पुलिस के निशाने पर बिल्डर!
अंडरवर्ल्ड अब कंस्ट्रक्शन प्रोजेक्ट्स में हिस्सेदारी मांग रहा है। हाल ही में छोटे राजन के एक गुर्गे डीके राव की गिरफ्तारी से इस बात का खुलासा हुआ है। चेंबूर के रहने वाले एक बिल्डर ने किसी से पैसे लिए थे। तकरीबन सवा करोड़ की यह रकम कथित तौर पर वह वापस नहीं करना चाहता था, इसलिए उसने डीके राव की मदद ली। बिल्डर के कहने पर डीके राव ने उस शख्स को धमकी दी। पुलिस को शक है कि यह मामला सिर्फ सवा करोड़ का नहीं, बल्कि हिस्सेदारी का है। पुलिस जल्द ही उस बिल्डर को भी पूछताछ के लिए बुलाएगी, जिसके कहने पर डीके राव ने धमकाया था। और मालूम करने की कोशिश करेगी कि चेंबूर के कौन से कंस्ट्रक्शन में छोटा राजन हिस्सेदारी चाहता था। बता दें कि भले ही छोटा राजन जेल में है, लेकिन उसका सारा काम उसका सबसे भरोसेमंद साथी डीके राव संभालता है। हाल ही में एक पुस्तक विमोचन के दौरान पूर्व मुंबई पुलिस आयुक्त डी. शिवानंदन ने भी चिंता जाहिर करते हुए कहा था कि अंडरवर्ल्ड ने अपने काम करने का तरीका बदल दिया है और अब वह एसआरए प्रोजेक्ट में सीधे शामिल हो रहा है। दूसरी ओर दाऊद इब्राहिम की बात करें तो उसके गुर्गे भी दक्षिण मुंबई में न्यू कंस्ट्रक्शन हो या रीडेवलपमेंट, हर प्रोजेक्ट में पैसा लगाकर हिस्सेदारी ले रहा है। मुंबई सेंट्रल, मस्जिद बंदर, डोंगरी आदि जगहों पर हो रहे कंस्ट्रक्शन में दाऊद की हिस्सेदारी है। सबसे अहम बात यह है कि ‘डी’ कंपनी के जो शूटर गैंगवॉर या एनकाउंटर में मारे गए हैं, उन्हीं के बेटे अब दाऊद के लिए कंस्ट्रक्शन का सारा काम संभाल रहे हैं।
