शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा से जुड़े ६० करोड़ रुपए की धोखाधड़ी मामले में पुलिस जांच जारी है। आर्थिक अपराध शाखा इस केस में २०१५ से एक कंपनी के बैंक खातों और लेन-देन की बारीकी से पड़ताल कर रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि कंपनी द्वारा किए गए खर्च असली थे या नहीं। जांच के दौरान सामने आया कि शिल्पा को कंपनी से चार करोड़ रुपए फीस के रूप में मिले थे। पुलिस अब कंपनी से जुड़े लोगों के बयान दर्ज कर रही है। इसमें राज कुंद्रा, शिल्पा शेट्टी और बेस्ट डील टीवी प्राइवेट लिमिटेड के आरपी के बयान शामिल हैं। शिल्पा ने अपने बयान में कहा कि वह कंपनी के रोजमर्रा के कामों में शामिल नहीं थीं और केवल प्लेटफॉर्म पर आने के बदले उन्हें फीस दी गई थी।
