– बोले, शिंदे को ‘देवता’ बदलने की
शर्त पर ही मिला चिह्न और नाम
सामना संवाददाता / मुंबई
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली महायुति सरकार ने तत्कालीन असंवैधानिक मुख्यमंत्री और वर्तमान में उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे द्वारा वर्ष २०२३ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर शुरू की गई १० योजनाओं को बंद कर दिया है। यह दावा शिवसेना नेता व विधायक अंबादास दानवे ने किया है। उन्होंने जोरदार तंज कसते हुए कहा कि ‘महाशक्ति’ ने शिंदे गुट को शायद ‘देवत्व और देवघर बदलने’ की शर्त पर ही चुनाव चिह्न और नाम दिया था। राज्य सरकार पहले भी शिंदे द्वारा घोषित कुछ योजनाएं बंद कर चुकी है, जिनमें ‘आनंद शिधा’ जैसी योजनाएं शामिल हैं।
राज्य में ‘मुख्यमंत्री मेरी लाडली बहन’ योजना से सरकारी खजाने पर बढ़े बोझ के कारण इन योजनाओं को बंद करने की चर्चा राजनीतिक हलकों में थी। अब फडणवीस सरकार ने शिंदे द्वारा १७ सितंबर २०२३ को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर घोषित की गई १० ‘नमो’ योजनाओं को बंद करने का निर्णय लिया है
दानवे ने यह भी कहा कि बच्चू कडू के प्रहार संगठन को आवंटित भूमि करार सरकार ने रद्द कर दिया। प्रहार संगठन के ऑफिस की जमीन सरकार ने छीन ली। यह देवेंद्र फडणवीस के फोन पर गुवाहाटी की फ्लाइट में बैठे ओमप्रकाश कडू को मिला रिटर्न गिफ्ट है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि शिंदे की योजनाएं बंद, शिंदे द्वारा दिए गए पार्टी ऑफिस बंद, लेकिन ‘देवाभाऊ’ की सरकार चालू है।
मोदी के जन्मदिन के अवसर पर घोषित की थीं योजनाएं
पहले ८ योजनाएं भी हुई थीं बंद
अंबादास दानवे के अनुसार, सरकार ने नमो महिला सशक्तिकरण योजना, नमो कामगार कल्याण योजना, नमो कृषक अभियान, नमो गरीब व पिछड़ा वर्गीय सन्मान योजना, नमो ग्राम सचिवालय योजना, नमो आदिवासी स्मार्ट स्कूल योजना, नमो दिव्यांग शक्ति योजना, नमो क्रीड़ा मैदान व उद्यान योजना, नमो शहर सौंदर्यीकरण योजना और नमो तीर्थस्थल व किला संवर्धन योजना जैसी १० योजनाएं बंद की हैं। ये सभी योजनाएं एकनाथ शिंदे ने १७ सितंबर २०२३ को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर घोषित की थीं।
दानवे ने सवाल उठाया कि हिंदूहृदयसम्राट शिवसेनाप्रमुख बालासाहेब ठाकरे के दो जन्म दिवस शिंदे ने असंवैधानिक मुख्यमंत्री रहते हुए मनाए। तब इन ‘गट प्रमुखों’ को ऐसी योजनाएं घोषित करने की जरूरत क्यों नहीं महसूस हुई? दानवे ने पहले भी किए गए एक अन्य पोस्ट में दावा किया था कि राज्य सरकार ने शिंदे की आनंद शिधा, मेरा सुंदर स्कूल, एक रुपए में फसल बीमा, स्वच्छता मॉनिटर, एक राज्य एक गणवेश, लाडले भाइयों को एप्रेटिसशिप, योजनादूत योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना आदि योजनाएं बंद कर दी हैं।
