राजेश सरकार / प्रयागराज
विद्यार्थियों के भीतर छिपी कलात्मक प्रतिभा को निखारने और भारतीय संस्कृति के प्रति उनकी जागरूकता को बढ़ाने के उद्देश्य से मिलेनियम वर्ल्ड स्कूल में शुक्रवार को भव्य रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में आठ से बारहवीं कक्षा के छात्रों ने पूरे उत्साह से भाग लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। छात्रों ने पारंपरिक दीयों, सिया-राम की प्रतिमाओं और सामाजिक संदेशों पर आधारित रंगोलियां बनाईं। उनके हाथ से बनी रंग-बिरंगी रंगोलियों से विद्यालय प्रांगण खिल उठा था।
विद्यालय की प्रधानाचार्या शाइमा मशीए ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर उनकी कलात्मक रुचियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं छात्रों के सर्वांगीण विकास में सहायक होती हैं। विद्यालय प्रबंधक एसके मिश्रा ने इस अवसर पर छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रतियोगिता ने न केवल छात्रों में कला के प्रति रुचि जगाई, बल्कि दीपावली के त्योहार को भी खास बना दिया।
