मुख्यपृष्ठसमाचारतेज रफ्तार बुलेट सवार ने सड़क पार कर रहे युवक को मारी...

तेज रफ्तार बुलेट सवार ने सड़क पार कर रहे युवक को मारी टक्कर..मौत

राजेश सरकार / प्रयागराज

यमुनानगर में नैनी के व्यस्त हनुमान नगर बाजार में शुक्रवार शाम लगभग चार बजे तेज रफ्तार बुलेट सवार ने पैदल सड़क पार कर रहे ई -रिक्शा चालक को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे ई -रिक्शा चालक हवा मे दूर सड़क पर जा गिरा और उसका सिर फट गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने उसे मृत बता दिया। मृतक ई -रिक्शा चालक के साथ उसका रिश्तेदार युवक दुर्घटना में बाल -बाल बच गया। उसने बताया कि दुर्घटना में मरने वाला उसका मौसा उमाशंकर गौतम (40) पुत्र हरीलाल था। वह नैनी के दुबे तालाब चाका में रहता था। उसने बताया कि मौसा उमाशंकर ई -रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। शुक्रवार को वह महिला पॉलिटेक्निक कचहरी रोड कटरा मे पढ़ने वाली अपनी बड़ी बेटी को लेकर हनुमान नगर बाजार स्थित एक बैंक में कुछ काम से आया था। सड़क किनारे ई -रिक्शा खड़ा कर वह ओमप्रकाश के साथ पैदल सड़क पार कर बैंक में जा रहा था। इतने मे हाई स्पीड में आ रहे एक बुलेट सवार ने उमाशंकर गौतम को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के वक्त बुलेट पर तीन युवक सवार थे। तीनो को भीड़ ने मौके पर पकड़ लिया। फिर उमाशंकर गौतम को चकदोंदी रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टर ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर द्वारा मृत घोषित करने के उपरांत गिरफ्तार किए जाने के डर से बुलेट सवार अपने एक साथी के साथ भाग निकला। मौके पर मौजूद परिजन ने उसके एक साथी को पकड़ कर पुलिस को सौप दिया। पुलिस पकडे गए युवक से फरार युवकों के बारे में पूछताछ कर रही है। मृतक की बेटी 19 वर्षीय पूर्णिमा, 17 वर्षीय बेटा सचिन अपनी मां सरिता देवी के साथ देर शाम तक थाने मे मौजूद रहे। अन्य परिजन भी जानकारी मिलने पर नैनी थाने पहुंचे थे। मृतक के परिजन की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। इसके बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

रफ्तार पर पुलिस का नियंत्रण नहीं

क्षेत्र मे कुछ दिनों से सड़क दुर्घटनाओं के मामले मे तेजी आई है। सितम्बर माह से अभी तक कई जाने दुर्घटना में जा चुकी है। दुर्घटनाओं का कारण तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी है। स्थानीय पुलिस भी ट्रैफिक नियमों का पालन कराने में असफल रही है। शुक्रवार को ई-रिक्शा चालक के साथ दुर्घटना मे भी तेज रफ़्तार कारण बना। स्थानीय लोगों का कहना है कि व्यस्त चौराहो और मार्गों पर पुलिस पिकेटिंग नहीं होने से सड़क हादसे रोज हो रहे है।

अन्य समाचार