मुख्यपृष्ठसमाचारजीवनपर्यंत हिंदू राष्ट्र की करूंगा पैरवी-धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री

जीवनपर्यंत हिंदू राष्ट्र की करूंगा पैरवी-धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री

-कालनेमि वधस्थली विजेथुआ पहुंचे बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर

विक्रम सिंह / सुल्तानपुर

सनातन एवं हिंदुत्व संबंधी अपने बयानों की वजह से सदैव सुर्खियों में रहने वाले हनुमान जी के अनन्य भक्त युवा सन्यासी बागेश्वरधाम पीठाधीश्वर धीरेंद्रकृष्ण शास्त्री शुक्रवार की देर शाम सुल्तानपुर में स्थित रामायणकालीन कालनेमि वधस्थली विजेथुआ महाबीरन धाम पहुंचे। उनकी एक झलक पाने को आतुरश्रद्धालुओं की अपार भीड़ के मध्य गुजरते हुए उन्होंने सबसे पहले हनुमानलला के दर्शन किये। इसके बाद मंदिर परिसर में चल रही अपने गुरु जगद्गुरु श्रीरामभद्राचार्य की रामकथा में शामिल हुए। व्यासपीठ के समक्ष पहुंचकर वे सर्वप्रथम अपने गुरु के आगे शाष्टांग दण्डवत हो गए।..और फिर श्रीरामभद्राचार्य जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद अपार भीड़ को संबोधित करते हुए धर्म, संस्कृति और सनातन की ध्वज पताका का विश्व में सर्वोच्च शिखर पर पुनः स्थापित करने के लिये समस्त सनातनधर्मियों का आह्वान किया। कहा कि जात-पांत छोड़कर हरेक व्यक्ति हिंदू के रूप में आगे आए। उन्होंने राष्ट्र को सबल बनाने और अखंड भारत की बात की। कहा कि हम अखंड भारत बनाएंगे। पीओके वापस लेंगे। प्रत्येक मंदिर के सामने गुरुकुल की स्थापना होगी।जिससे धर्म संस्कृति का विस्तार होगा। मेरा संकल्प है जबतक जीवन है देश को हिंदू राष्ट्र घोषित करने की आवाज उठाता रहूंगा। धीरेंद्र शास्त्री ने राघवेंद्र सरकार और जय हनुमान के उद्घोष किया। कथा आयोजकों ने उन्हें चांदी की गदा भेंट की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं व भाजपा से जुड़े नेता पदाधिकारियों ने बागेश्वर पीठाधीश्वर का आशीर्वाद प्राप्त किया।

अन्य समाचार