-युवती को ब्लैकमेल करने वाले दो गिरफ्तार
-वसूली के पैसों को किया क्रिप्टो करेंसी में निवेश
सुरेश गोलानी / मुंबई
मीरा रोड के नया नगर इलाके से साइबर अपराध का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक १८ वर्षीय युवती को इंस्टाग्राम पर दोस्ती का झांसा देकर अश्लील वीडियो कॉल के जरिए ब्लैकमेल किया गया। मीरा भायंदर-वसई विरार पुलिस आयुक्तालय के क्राइम ब्रांच यूनिट (जोन-१) ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, ब्लैकमेलिंग से अर्जित की गई राशि को ये आरोपी क्रिप्टो करंसी में निवेश करते थे।
पुलिस के अनुसार, अगस्त २०२५ में पीड़िता को इंस्टाग्राम पर एक अनजान व्यक्ति का प्रâेंड रिक्वेस्ट आया। रिक्वेस्ट को स्वीकार करने के बाद पीड़िता उस व्यक्ति के साथ व्हॉट्सऐप चैट के जरिए बातचीत करने लगी। पीड़िता को उस व्यक्ति ने अपने आप को दिल्ली का मूल निवासी और लंदन में जॉब करने वाला बताया था। कुछ हफ्तों बाद में अश्लील वीडियो कॉल के माध्यम से पीड़िता और उसके घर वालों को बदनाम करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया गया। शिकायत मिलने के बाद अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ नया नगर पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक ने क्राइम ब्रांच यूनिट (जोन-१) को समानांतर जांच करने के आदेश दिए। प्रभारी पुलिस निरीक्षक सुशील कुमार शिंदे के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस निरीक्षक सचिन सानप ने गहन जांच के बाद भिवंडी में रहने वाले दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान मोहम्मद शबाद अंसारी और मोहम्मद ताहा अंसारी के रूप में हुई है।
अंतर्राष्ट्रीय गैंग से जुड़े होने की आशंका
पुलिस को संदेह है कि दोनों के तार किसी अंतर्राष्ट्रीय गैंग से जुड़े हैं, जो मासूम लड़कियों को सोशल मीडिया साइट्स पर दोस्ती कर उनका अश्लील विडिओ बनाकर ब्लैकमेल करते हैं और गलत ढंग से अर्जित किए गए धन से क्रिप्टों करेंसी खरीदते हैं। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से किसी भी प्रकार की व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचने की अपील की है।
