रवीन्द्र मिश्रा / मुंबई
धनतेरस के पावन अवसर पर काशी मीरा मेट्रो स्टेशन के सामने स्थित श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर में 134वां भंडारा श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। यह आयोजन मंदिर परिसर में शनिवार, 18 अक्टूबर को बड़े ही उत्साह और धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
इस अवसर पर मंदिर के ट्रस्टी एवं विश्व हिंदू परिषद मीरा-भायंदर के उपाध्यक्ष डॉ. राधेश्याम गुप्ता ने जानकारी दी कि यह मंदिर एक जागृत स्थल है और भक्तों की हनुमान जी में अटूट श्रद्धा है। यही कारण है कि यहां आयोजित होने वाले प्रत्येक भंडारे में लोग बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं और सेवा कार्य में योगदान देना अपना सौभाग्य समझते हैं।
इस वर्ष के भंडारे में श्री करन संन्याल एवं उनके परिवार ने विशेष सहयोग प्रदान कर पुण्य के इस कार्य में भागीदारी निभाई। कार्यक्रम में समाजसेवी रमेश शाहू, वरिष्ठ पत्रकार रवीन्द्र मिश्रा, पं. ऋषभ तिवारी, पं. प्रशांत चतुर्वेदी, पं. बबलू तिवारी, कल्पक पाटिल एवं प्रसिद्ध लोकगायक रजनीश वर्मा उर्फ गोलू सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
भंडारे के दौरान मंदिर परिसर में भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया और भजन-कीर्तन की मधुर प्रस्तुति ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही, जिससे यह आयोजन सामूहिक आस्था और सहयोग का सुंदर उदाहरण बन गया।
इस प्रकार संकटमोचन हनुमान मंदिर का यह वार्षिक आयोजन न केवल धार्मिक भावना को बल देता है, बल्कि समाज में सेवा, समर्पण और सहयोग की भावना को भी जागृत करता है।
