मुख्यपृष्ठखेलपश्चिम रेलवे के एथलीटों द्वारा शक्ति, कौशल और खेल भावना का शानदार...

पश्चिम रेलवे के एथलीटों द्वारा शक्ति, कौशल और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन!

जेदवी/मुंबई

पश्चिम रेलवे के खिलाड़ियों ने एक बार फिर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए संगठन का नाम गौरवान्वित किया है। विभिन्न खेलों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर इन खिलाड़ियों ने न केवल विभाग को गर्व का अवसर दिया है, बल्कि भारतीय रेलवे के खेल क्षेत्र में पश्चिम रेलवे की श्रेष्ठता को भी स्थापित किया है। अक्टूबर 2025 में आयोजित 66वीं अखिल भारतीय इंटर रेलवे कुश्ती प्रतियोगिता में पश्चिम रेलवे के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 18 पदक जीतकर विभाग का परचम लहराया।

अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी पश्चिम रेलवे के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। वर्ष 2025 में क्रोएशिया के ज़ाग्रेब में आयोजित सीनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में पश्चिम रेलवे के पहलवान प. सुरेश ने कांस्य पदक जीतकर भारत का मान बढ़ाया, जबकि एशियाई पॉवरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी ने देश का गौरव और बढ़ाया। इसी क्रम में अमित पाटिल भारतीय खो-खो टीम का हिस्सा रहे, जिसने चौथी एशियाई खो-खो चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं, रूपिन ने एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में ग्रीको-रोमन शैली में रजत पदक जीतकर पश्चिम रेलवे की उपलब्धियों में एक और सुनहरा अध्याय जोड़ा।

टीम खेलों में भी पश्चिम रेलवे ने अपनी श्रेष्ठता कायम रखी है। 2024-25 में संगठन ने प्रतिष्ठित “कौल गोल्ड कप” जीतकर भारतीय रेलवे के खेल क्षेत्र में अपनी समग्र श्रेष्ठता का परिचय दिया। इसके अलावा अगस्त 2025 में आयोजित 71वीं अखिल भारतीय अंतर रेलवे टेबल टेनिस चैंपियनशिप में पश्चिम रेलवे की महिला टीम ने स्वर्ण पदक जीता, जिसमें अनुषा कुंबले ने व्यक्तिगत वर्ग में भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक ने इन सभी खिलाड़ियों को उनकी शानदार उपलब्धियों के लिए सम्मानित करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की और उम्मीद जताई कि वे भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संगठन और देश का नाम रोशन करते रहेंगे।

अन्य समाचार