मथुरा। मांट-राया रोड स्थित पेट्रोल पंप के समीप खड़ी कार पर हाइटेंशन विद्युत लाइन का तार टूटकर गिर गया। कार सवार चालक की हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। गाड़ी भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है। फायरबिग्रेड और पुलिस जब तक मौके पर पहुंचती तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था। इस घटना से ग्रामीणों में आक्रोष है। उनका कहना है कि कई बार खेतों से गुजरती हाइटेंशन लाइन के जर्जर होने की शिकायत की गई है, लेकिन विभागीय अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया, जिसका खामियाजा युवक को मौत के रूप में उठाना पड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार मांट मूला निवासी अंकित पुत्र महेन्द्र सिंह आज सुबह अपनी टोयटा ग्लेंजा कार लेकर वृन्दावन के लिए निकला था वह यहां इस कार को टैक्सी के रूप में चलाता है। राया रोड़ पर पेट्रोल पंप के सामने कार खड़ी कर जब वह उतर रहा था तभी कार के ऊपर हाईटेंशन लाइन का तार तेज धमाके के साथ आ गिरा और देखते ही देखते सीएनजी से संचालित यह कार धू-धू कर जल उठी, जिसमें अंकित फंस गया। पुलिस व दमकल विभाग की टीम को घटना की सूचना दी गई, लेकिन इससे पहले ही कार में अंकित की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पूरे गांव में घटना से शोक व्याप्त है। मृतक की शादी कुछ वर्ष पूर्व ही हुई थी और यह कार उसे ससुराल से दहेज में मिली थी, जिसे टैक्सी में चलाकर वह अपने परिवार की गुजर बसर करता था।
