सुरेश गोलानी / मुंबई
मोबाइल संदेश के माध्यम से परिवहन विभाग का फर्जी ई-चालान लिंक भेजकर ठगी करने का एक और मामला सामने आया है। भायंदर-पश्चिम में रहनेवाली एक ४६ वर्षीय महिला को अपराधियों ने फर्जी आरटीओ ई-चालान का लिंक भेजकर ९६ हजार का चूना लगा दिया। भायंदर पुलिस थाने में दर्ज शिकायत में महिला ने बताया कि उन्हें उनके व्हॉट्सऐप नंबर पर एक अज्ञात नंबर से आरटीओ ई-चालान संबंधित संदेहास्पद लिंक से जुड़ा हुआ संदेश प्राप्त हुआ। लिंक को क्लिक करने के बाद उनके मोबाइल पर आरटीओ चालान नामक ऐप की फाइल डाउनलोड हो गई। ठगों ने रिमोट एक्सेस के जरिए महिला का मोबाइल डाटा हासिल किया और उसका दुरुपयोग कर डेबिट कार्ड के माध्यम से ९६,२५० रुपयों की धोखाधड़ी को अंजाम दिया। ठगों ने शिकायतकर्ता के मोबाइल नंबर से कई और लोगों को इसी प्रकार के फर्जी संदेश और लिंक भेजे। महिला की शिकायत मिलने पर भायंदर पुलिस ने साइबर ठगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट, २००० की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया और आगे की जांच जारी है। परिवहन विभाग और साइबर सेल ने लोगों से अपील की है कि यदि उनको किसी ई-चालान मैसेज के साथ कोई लिंक मिलता है, तो उस पर क्लिक करने के गलती न करें और किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ पैसे का व्यवहार से बचें।
