-गद्दार सांसदों के क्षेत्रों में करेंगे जनसंवाद
सामना संवाददाता / मुंबई
शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे कल, २७ जून से महाराष्ट्र का दौरा करेंगे। इस दौरान वे यवतमाल, वाशिम, हिंगोली, परभणी, धाराशिव और शिर्डी में मतदाताओं से संवाद साधेंगे। शिवसेना से गद्दारी कर अलग हुए सांसदों के चुनाव क्षेत्रों में भी उद्धव ठाकरे की विराट जनसभाएं आयोजित की जाएंगी।
दौरे की व्यापक तैयारियां की गई हैं। गद्दारों का हिसाब चुकता किया जाएगा, नतीजतन शिवसैनिकों में इस दौरे को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। इस दौरे के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया जाएगा कि तोड़-फोड़ से आंकड़े बदल सकते हैं, लेकिन निष्ठा नहीं।
केंद्र और राज्य के सत्ताधारी दलों के संरक्षण में देशभर में दल-बदल की राजनीति को बढ़ावा दिया जा रहा है। भाजपा और उसके सहयोगी दलों द्वारा विपक्षी दलों के सांसदों और विधायकों को तोड़ने का काम किया जा रहा है। शिवसेना के मशाल चुनाव चिह्न पर चुने गए छह सांसदों ने कथित तौर पर राजनीतिक फायदे के लिए पार्टी और मतदाताओं से विश्वासघात किया है। इन सांसदों के खिलाफ राज्यभर में नाराजगी का माहौल है। जिन मतदाताओं ने दो वर्ष पहले भाजपा के विरोध में मतदान किया था, वे अब अपने जनप्रतिनिधियों के निर्णय से असंतुष्ट बताए जा रहे हैं। उद्धव ठाकरे इस दौरे के दौरान मतदाताओं और शिवसैनिकों की भावनाओं को जानने का प्रयास करेंगे।
हाल ही में उद्धव ठाकरे ने मुंबई में गद्दार सांसद संजय दीना पाटील के संसदीय क्षेत्र का दौरा किया था। उस दौरान बड़ी संख्या में शिवसैनिक और समर्थक यहां जमा हुए थे। इस दौरान जनता में दल-बदल को लेकर खासी नाराजगी साफ दिखाई दी। इसी तरह का माहौल अन्य क्षेत्रों में भी देखने को मिलेगा। ऐसे में सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि उद्धव ठाकरे अपने गद्दार सांसदों के मुद्दे पर अपने संबोधनों में क्या बोलेंगे।
ऐसा रहेगा दौरे का कार्यक्रम
२७ जून : सुबह १०:३० बजे, कृषि उपज मंडी समिति, धामणगांव रोड, यवतमाल
दोपहर २:०० बजे, जैन भवन, अकोला नाका, वाशिम
शाम ४:०० बजे, महावीर भवन, रामलीला मैदान के निकट, हिंगोली
२८ जून : सुबह ११:०० बजे, अक्षदा मंगल कार्यालय, एम.के.वी. रोड, परभणी
दोपहर ३:३० बजे, सिद्धाई मंगल कार्यालय, धाराशिव
२९ जून : सुबह ११:०० बजे, सिद्ध संकल्प लॉन्स, नगर-मनमाड मार्ग, शिर्डी
