मुख्यपृष्ठनए समाचारमुंबई में ‘घर-घर शौचालय' योजना फेल!

मुंबई में ‘घर-घर शौचालय’ योजना फेल!

-आज भी कई घरों की महिलाएं शौच के लिए जंगल जाने को हैं मजबूर

-मुंबई के लगभग ४४ प्रतिशत घरों में शौचालय नहीं

द्रुप्ति झा / मुंबई

मुंबई जैसे महानगर में, जहां एक तरफ ऊंची इमारतें और आधुनिक सुविधाएं हैं, वहीं दूसरी तरफ कुछ ऐसे झुग्गी और सीमांत क्षेत्र हैं जहां आज भी महिलाओं को शौचालय की बुनियादी सुविधा के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। मुंबई के जंगलों या झाड़ियों वाले क्षेत्रों में रहने वाली महिलाओं को मजबूरन खुले में शौच के लिए जाना पड़ता है। आरे कॉलोनी मुंबई का एक बहुत बड़ा हरित क्षेत्र और जंगल का हिस्सा है जहां कई आदिवासी बस्तियां और झुग्गियां हैं यहां की कई बस्तियों जैसे सिद्धार्थ रहिवासी संघ, भीमशक्ति सेवा सोसायटी जैसी बस्तियों में आज भी पर्याप्त सामुदायिक शौचालय नहीं हैं। यहां महिलाओं को शौच के लिए सुबह और अंधेरे में जंगलों और झाड़ियों का रुख करना पड़ता है, जिससे उन पर जंगली जानवरों जैसे तेंदुए और सांपों का खतरा हमेशा बना रहता है।
दूसरा है विक्रोली का पार्कसाइट क्षेत्र। यह क्षेत्र पहाड़ी और पथरीले रास्तों से घिरा हुआ है। यहां की झुग्गियों में रहने वाली महिलाओं को शौचालय के लिए पहाड़ी और झाड़ियों वाले रास्तों पर १५-२० मिनट की चढ़ाई करनी पड़ती है। मानसून के समय यहां फिसलने का और दुर्घटनाओं का डर सबसे ज्यादा होता है। तीसरा है दहिसर पूर्व, मागाठाणे का सावित्रीबाई फुले नगर, दोपहर का सामना संवाददाता के ग्राउंड पर जाने पर जो बात सामने आई वो हैरान कर देने वाली है। सावित्रीबाई फुले नगर में लगभग ४,००० महिलाएं आज भी बाहर खुले में शौच के लिए जा रही हैं और दयनीय हालातों में रहने को मजबूर हैं।
एक रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई के लगभग ४४ प्रतिशत घरों में शौचालय नहीं है। इसका मतलब है कि मुंबई के आधे से भी कम घरों में व्यक्तिगत शौचालय की सुविधा उपलब्ध है, जबकि बाकी घरों के लोग सार्वजनिक या सामुदायिक शौचालयों पर निर्भर हैं, जिनकी संख्या अपर्याप्त है। अधिकांश घरों में व्यक्तिगत शौचालय नहीं हैं और सामुदायिक शौचालयों की भी कमी है।
खुले जंगल में शौच करने से महिलाओं को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ऐसी परिस्थितियों में रहने वाली महिलाओं का कहना है कि जंगल के बीच सांप, बंदर और तेंदुआ भी होते हैं, क्योंकि झोपड़पट्टी के आस पास घना जंगल है।

अन्य समाचार