मुख्यपृष्ठनए समाचारदहिसर चेकनाका पर ‘खाकी’ का ‘गुंडाराज’!

दहिसर चेकनाका पर ‘खाकी’ का ‘गुंडाराज’!

-चेकिंग के नाम पर कार चालक से मारपीट
-लोगों में पुलिस की गुंडागर्दी को लेकर आक्रोश

द्रुप्ति झा / मुंबई

रात के अंधेरे का फायदा उठाकर खाकी वर्दी का रौब झाड़ने और आम नागरिकों को प्रताड़ित करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। दहिसर चेक नाका पर चेकिंग के नाम पर ट्रैफिक पुलिस कांस्टेबल द्वारा एक बेगुनाह कार चालक के साथ सरेआम गुंडागर्दी और मारपीट करने की वारदात से हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, आधी रात को गाड़ियों की जांच के बहाने कार रोककर पहले तो गाली-गलौज की झूठी कहानी गढ़ी गई, फिर चालक को जबरन कार से बाहर निकालकर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी गई। इस शर्मनाक घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर दहिसर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है। इस घटना ने एक बार फिर प्रशासनिक तंत्र में मौजूद कुछ घमंडी अधिकारियों के रवैये की पोल खोलकर रख दी है।
आए दिन चेकिंग के नाम पर आम जनता को परेशान करना, डराना-धमकाना और वर्दी की धौंस जमाकर अपनी दादागीरी दिखाना कुछ कर्मचारियों की आदत बन चुकी है। सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाले जब खुद ही गुंडों जैसा बर्ताव करने लगें तो बेगुनाह नागरिक जाएं तो जाएं कहां?
बेलगाम अधिकारियों पर कब लगेगी लगाम
स्थानीय नागरिकों और राहगीरों में इस गुंडागर्दी को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। आम जनता का कहना है कि वर्दी के नशे में चूर ऐसे अधिकारियों की जगह सड़कों पर नहीं बल्कि सलाखों के पीछे होनी चाहिए। जनता की ओर से माननीय मुख्यमंत्री से पुरजोर अपील की गई है कि इस मामले का संज्ञान लेते हुए दोषी पुलिस कांस्टेबल व संबंधित आरटीओ अधिकारियों पर जल्द से जल्द सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।

अन्य समाचार