– शेफाली के तूफानी ४० रन से सेमीफाइनल में टीम इंडिया
हांगझोउ। एशिया कप के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स-२०२६ में भी जीत के साथ जोरदार दस्तक दी। शुक्रवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल में टीम इंडिया ने जापान को महज ५७ रनों पर समेटने के बाद ९० गेंद शेष रहते ८ विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
टॉस जीतकर भारत ने जापान को बल्लेबाजी का न्योता दिया। जापानी टीम शुरुआत में संभलकर खेली और पावरप्ले में कोई विकेट नहीं गंवाया, लेकिन सातवें ओवर में श्रीचरणी ने लगातार दो गेंदों पर दो झटके देकर मुकाबले का रुख पलट दिया। इसके बाद जापान के विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे और पूरी टीम १९.५ ओवर में ५७ रन पर ढेर हो गई। श्रीचरणी ने चार विकेट झटके, जबकि शेफाली वर्मा ने दो विकेट अपने नाम किए। दीप्ति शर्मा और श्रेयंका पाटिल को एक-एक सफलता मिली। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने शुरुआत में दो विकेट गंवाए, लेकिन शेफाली वर्मा ने १५ गेंदों में नाबाद ४० रन ठोककर मुकाबला एकतरफा कर दिया।
