राजेश सरकार / प्रयागराज
श्रमिक बस्ती नैनी के मानस पार्क में सात दिवसीय यमुनापार सांस्कृतिक गणपति महोत्सव में शनिवार को भक्ति और सेवा का संगम देखने को मिला। महोत्सव में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर के साथ सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन किया गया।
स्वास्थ्य शिविर में डॉ. मनोज कश्यप, डॉ. विनय तिवारी एवं डॉ. विपिन शुक्ला ने लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। शिविर में विभिन्न जांचों के साथ नेत्र परीक्षण किया गया और जरूरतमंदों को दवाइयां भी वितरित की गईं।
इसके बाद शुरू हुई सांस्कृतिक संध्या में उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र प्रयागराज से जुड़े चंदौली निवासी लोकगीत एवं भजन गायक-गीतकार नीरज पाण्डेय ने अपनी सुमधुर प्रस्तुति से माहौल को भक्तिमय बना दिया। उन्होंने “पऊआं पड़िला तोहार हो गौरी के ललनवा…”, “निबिया के डार मैया झूलेली झूलनवा…”, “कृपा हमरो पे करी हनुमान जी…”, “ममतामई दरबार बा…” और “भोला भांग तुम्हारी…” जैसे भजनों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
भक्ति गीतों की स्वर लहरियों के बीच पूरा पंडाल तालियों और जयकारों से गूंज उठा। सांस्कृतिक संध्या देर तक श्रद्धालुओं और दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनी रही।
