राजेश सरकार / प्रयागराज
कई दिनों से आती-जाती स्कूली छात्राओं को गंदे इशारे और छेड़खानी करने के आरोपी युवक को शनिवार सुबह भीड़ ने रंगेहाथ पकड़ लिया। जमकर धुनाई के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध शान्ति भंग की धारा में मुकदमा दर्ज कर उसका चालान कर दिया। मामला प्रयागराज शहर के औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत सरस्वती हाईटेक सिटी परिसर का है। जहाँ अक्सर लम्पट और लफंगे किस्म के युवक स्कूल टाइम पर खड़े होकर आती जाती छात्राओं को अश्लील इशारे और भद्दे कमेंट्स पास किया करते है। इनके आतंक से वार्ड नंबर 70 संडवा कला नैनी औद्योगिक क्षेत्र में रहने वाली कई छात्राओं ने स्कूल जाना छोड़ दिया था।
आरोपी की पिटाई के बाद अन्य छिछोरे किस्म के युवकों में हलचल मच गई है। भीड़ के हाथों धुनाई के बाद पुलिस को सौंपे गए आरोपी युवक ने पूछताछ में बताया कि स्कूल जाने वाली लड़कियों के साथ अक्सर वह और उनके साथी छेड़खानी किया करता था। बीते 22 सितम्बर को उसने संडवा कला की दो छात्राओं के साथ अश्लील हरकत की थी। इससे सहमी स्कूली छात्राओं ने स्कूल जाना छोड़ दिया था। परिजन के काफी पूछने के बाद छात्राओं ने आरोपी युवक द्वारा उनके साथ छेड़खानी की बात बताई।
इस पर परिजन ने दोनों को शनिवार सुबह स्कूल के लिये तैयार कर भेजा। जब दोनों छात्राएं स्कूल के लिए जा रही थीं। तो पीछे पीछे परिजन भी आ रहे थे। इस दौरान आरोपी युवक साइकिल से छात्राओं का पीछा करने लगा। दोनों को गंदे गंदे कमेंट्स पास करने पर छात्राओं ने शोर मचा दिया। फिर परिजन और अन्य लोगो ने आरोपी युवक को दबोच लिया। उसकी जमकर धुनाई करते हुए पुलिस को सौंप दिया। आरोपी युवक ने पूछताछ में अपना नाम रजनीश भारतीय उर्फ बाबा उर्फ हरिश्चंद्र पुत्र गणपत भारतीय निवासी झूंसी, प्रयागराज बताया है।
