मुख्यपृष्ठनए समाचारएक और ‘बंटी-बबली’ गिरफ्तार ... म्हाडा के फर्जी दस्तावेज बनाकर दोनों ने...

एक और ‘बंटी-बबली’ गिरफ्तार … म्हाडा के फर्जी दस्तावेज बनाकर दोनों ने की है कई लोगों से ठगी

चंद्रकांत दुबे / मीरा रोड
म्हाडा के नाम पर फर्जी दस्तावेज बनाकर मुंबई, मीरा-भायंदर और वसई-विरार के कई नागरिकों को फ्लैट और दुकानें बेचने वाले आरोपी और उसकी पत्नी को काशीगांव पुलिस स्टेशन की क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आगाह किया है कि ऐसे लोगों के झांसे में न आएं। फ्लैट या दुकान खरीदते समय संबंधित संस्थाओं से ही संपर्क करें, जिससे धोखाधड़ी से बचा जा सके। बता दें कि इससे पहले भी इस तरह की कई वारदातें हो चुकी हैं। उसी प्रकार शीतल कॉम्प्लेक्स, विनय नगर, मीरा रोड निवासी नीता नीरज दुबे को भी नियाज शेख व उसकी पत्नी ने बंटी बबली की तर्ज पर अपने जाल में फंसाकर लाखों रुपए की ठगी की है। १४ अक्टूबर २०२३ से १५ जून २०२५ तक जोगेश्वरी निवासी आरोपी निजाम शेख और उसकी पत्नी शबीरा शेख ने बताया कि वह (मुंबई गृहनिर्माण व क्षेत्र विकास मंडल ) यानी म्हाडा की योजना के तहत महावीर नगर, कांदीवली, मुंबई में उन्हें एक दुकान दिला देंगे। शिकायतकर्ता के अनुसार, उनसे ३२ लाख, ८३ हजार,६७४ रुपये की रकम ले ली गई। दोनों बंटी-बबली ने इसके लिए म्हाडा की दुकान के फर्जी दस्तावेज बनाकर उन्हें दे दिया था। उसके बाद से ही पैसे लेकर दोनों ने फोन बंद कर दिया और फरार हो गए। शिकायतकर्ता को संदेह हुआ तो वे जांच के लिए मुंबई गृहनिर्माण व क्षेत्र विकास मंडल, मुंबई म्हाडा कार्यालय गए और पाया कि निजाम शेख द्वारा दिए गए म्हाडा के नाम पर दुकान के सभी दस्तावेज फर्जी हैं। उस समय शिकायतकर्ता को एहसास हुआ कि उसके साथ दोनों पति-पत्नी ने मिलकर धोखाधड़ी की है। दुबे परिवार ने निजाम और उसकी पत्नी शबीरा के खिलाफ काशीगांव पुलिस स्टेशन में विभिन्न धाराओं के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया। दर्ज मामले में आरोपी ने म्हाडा के नाम पर धोखाधड़ी करके शिकायतकर्ता के पैसे का गबन किया था। चूंकि यह एक बहुत ही गंभीर धोखाधड़ी का मामला था, इसलिए पुलिस भी चौकन्नी हो गई। पिछले कई महीनों से फरार आरोपी को पकड़ने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने टीम गठित की। काशीगांव पुलिस स्टेशन की क्राइम ब्रांच के अधिकारियों और कर्मचारियों ने आखिरकार आरोपी का पता लगा ही लिया और आरोपी निजाम जमील शेख और उसकी पत्नी शबीरा निजाम शेख को गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी पति-पत्नी इससे पहले भी कई वारदातें कर चुके हैं, जिसमें म्हाडा के फ्लैट व दुकान दिलाना था। पति-पत्नी के खिलाफ बोरीवली पुलिस स्टेशन में १, साकीनाका में २ तथा कस्तूरबा,खेरवाड़ी और वसई पुलिस स्टेशन में भी मामले दर्ज हैं। इसके अलावा इन लोगों ने कितनों के साथ ठगी की है इसकी जांच जोन-१ के डीसीपी राहुल चव्हाण, एसीपी गणपत पिंगले, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक महेश तोगरवाड के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच पीआई संजय पुजारी, अभिजीत लांडे, विजय साठे की टीम कर रही है। डीसीपी चव्हाण ने लोगों से अपील की है कि म्हाडा व बी.एस.यू.पी योजना के तहत मिलने वाले मकान व दुकान के लिए किसी भी एजेंट के झांसे में ना आएं। इच्छुक व्यक्ति स्वयं इन संस्थाओं से संपर्क कर ही किसी प्रकार का व्यवहार करें, अन्यथा वे ठगी का शिकार हो सकते हैं।

अन्य समाचार