मुख्यपृष्ठनए समाचारबरेली मा गजबे बा... एक शख्स की ३ बार मौत! ...३ पत्नियों...

बरेली मा गजबे बा… एक शख्स की ३ बार मौत! …३ पत्नियों को मिली विधवा पेंशन

शीर्षक पढ़कर आपका माथा भी चकरा गया ना, आपके भी जहेन में यह सवाल आ रहा होगा कि भई, ऐसा वैâसे हो सकता है। लेकिन उत्तर प्रदेश में कुछ भी संभव है। दरअसल, यूपी के बरेली जिले के नवाबगंज क्षेत्र के मजनूपुर गांव में विधवा महिला पेंशन योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। यहां अच्छन खां नाम के व्यक्ति को तीन अलग-अलग तारीखों में मृत दिखाकर उसके नाम से तीन फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र तैयार कर लिए गए। इन्हीं प्रमाणपत्रों के सहारे तीन अलग-अलग बैंक खातों में विधवा पेंशन भेजी जा रही थी। जांच में खुलासा हुआ है कि यह पूरा खेल फर्जी दस्तावेजों के जरिए चलाया जा रहा था। मामला खुलने के बाद हड़कंप मचा हुआ है।
दरअसल, सीडीओ के निर्देश पर एडीओ पंचायत मनीष अग्रवाल ने जब जांच शुरू की, तो हैरान कर देने वाली बातें सामने आईं। जांच में पता चला कि वर्ष २०१९ में मजनूपुर गांव के अच्छन खां नाम के व्यक्ति के नाम से एक नहीं बल्कि तीन-तीन मृत्यु प्रमाणपत्र जारी किए गए थे। पहला प्रमाणपत्र १५ मार्च २०१९ को जारी हुआ, जिसमें मृत्यु की तारीख १० मार्च लिखी गई। दूसरा प्रमाणपत्र २७ मार्च को बना, जिसमें १८ मार्च को मृत्यु बताई गई। तीसरा प्रमाणपत्र ३० मार्च को जारी हुआ, जिसमें मौत की तारीख २५ मार्च दर्ज थी। तीनों प्रमाणपत्रों की जांच करने पर सामने आया कि ये सभी ऑफलाइन तरीके से बनाए गए थे।
पेंशन योजना में बड़ा घोटाला
जांच अधिकारियों का कहना है कि यह मामला अकेला नहीं हो सकता। इस तरह के फर्जी प्रमाणपत्रों से और भी लोगों ने योजना का लाभ उठाया हो सकता है। अब जिला प्रशासन इस पूरे प्रकरण की गहराई से जांच कराने की तैयारी में है।

अन्य समाचार