लोजपा-भाजपा विधायक ने अपनी-अपनी
पार्टियों पर छोड़े बगावत के बाण
वरिष्ठों की लड़ाई में पिस रहे छुटभैया नेता
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
बिहार के सत्ताधारी गठबंधन एनडीए में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। बिहार में विधानसभा चुनाव में टिकट बंटवारे को लेकर हर पार्टी में बवाल मचा हुआ है। विधानसभा चुनावों में सीटों पर मची खींचतान और सियासी लड़ाई का असर पटना से लेकर दिल्ली तक देखने को मिल रहा है। दिन-रात लंबी-लंबी चर्चाओं के बाद भी एनडीए में उठापटक जारी है। पहले सीट शेयरिंग को लेकर एनडीए में घमासान जारी था और अब टिकट कटने पर बवाल मचा हुआ है। वरिष्ठों की लड़ाई के कारण अब बिहार के छुटभैया नेता पिस रहे हैं। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि एनडीए में `भयंकर भूचाल’ आ सकता है।
बता दें कि बिहार में विधानसभा चुनाव २०२५ की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। भाजपा, जेडीयू और छोटे दलों द्वारा उम्मीदवारों की घोषणा के बीच अब दावेदारों के दिल टूटने की खबरें भी सामने आने लगी हैं। टिकट कटने के बाद भाजपा और लोजपा (आर) के नेता अब फफक-फफकर रो रहे हैं। इसीके साथ ही अपनी-अपनी पार्टियों पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। ऐसे में ये तो निश्चित है कि टिकट कटने से नाराज छुटभैया नेतागण अब अपनी-अपनी पार्टियों पर बगावत के बाण छोड़ रहे। इस कड़ी में जहां एक ओर समस्तीपुर जिले की मोरवा विधानसभा सीट से लोजपा (रामविलास) के नेता अभय कुमार सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे टिकट न मिलने पर फूट-फूटकर रोते नजर आ रहे हैं। वीडियो में अभय सिंह कह रहे हैं कि `हमसे ज्यादा किसी ने पैसा दे दिया, इसलिए उसे टिकट मिल गया। अब मैं इस राजनीति से संन्यास लेता हूं।’ वहीं दूसरी ओर जब बीजेपी ने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की तो गोपालगंज सदर की विधायक कुसुम देवी का टिकट काट दिया। उनकी जगह पार्टी ने जिला परिषद अध्यक्ष सुभाष सिंह को प्रत्याशी बनाया। इस पैâसले के बाद विधायक कुसुम देवी भावुक हो उठीं और अपने आवास पर कार्यकर्ताओं के बीच ही फफक-फफक कर रो पड़ीं। विधायक कुसुम देवी ने पार्टी पर विश्वासघात का आरोप लगाते हुए कहा, `हमने बीते २० सालों से भाजपा की निष्ठा से सेवा की, जब पार्टी को जरूरत थी, हमने हर परिस्थिति में जनता के बीच काम किया। यह वीडियो वायरल होते ही राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। वहीं, विधायक के पुत्र अनिकेत सिंह ने भी मंच से खुलकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पार्टी अब कार्यकर्ताओं की नहीं, पैसों की राजनीति कर रही है। प्रदेश अध्यक्ष और कुछ नेता टिकट को कारोबार बना चुके हैं। ऐसे में भाजपा को जनता सबक सिखाएगी।
लोजपा नेता का आरोप,
`पैसे लेकर बांटे जा रहे टिकट’
समस्तीपुर जिले की मोरवा विधानसभा सीट से लोजपा (रामविलास) के नेता अभय कुमार सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें अभय सिंह ने रोते हुए कहा, `हमसे ज्यादा किसी ने पैसा दे दिया, इसलिए उसे टिकट मिल गया। अब मैं इस राजनीति से संन्यास लेता हूं। मुझसे गलती हुई हो तो माफ करना। परेशान हो गया हूं। जो हाल मेरा है, वही सबका होगा।’
भाजपा विधायक बोलीं,
`अपनी ही पार्टी के खिलाफ लड़ूंगी चुनाव’
जब बीजेपी ने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की तो गोपालगंज सदर की विधायक कुसुम देवी का टिकट काट दिया। उनकी जगह पार्टी ने जिला परिषद अध्यक्ष सुभाष सिंह को प्रत्याशी बनाया। इस पैâसले के बाद विधायक कुसुम देवी भावुक हो उठीं और अपने आवास पर कार्यकर्ताओं के बीच ही फफक-फफक कर रो पड़ीं। कहा जा रहा है कि अब वे अपनी पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरेंगी।
