-हरिओम वाल्मीकि के परिवार से मुलाकात के बाद राहुल गांधी का बड़ा आरोप
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में हरिओम वाल्मीकि के परिवार से मुलाकात की। हरिओम वाल्मीकि की २ अक्टूबर को हुई हत्या के बाद यह मुलाकात खासतौर पर सुर्खियों में रही। राहुल गांधी ने कहा कि मैं परिवार से मिलूं या न मिलूं, लेकिन न्याय तो मिलना चाहिए।’ इस मुलाकात के बाद राहुल ने कहा कि परिवार ने उन्हें बताया कि सरकार के लोग उन्हें धमका रहे हैं और यह वीडियो बनाने का दबाव बना रहे हैं। राहुल ने आरोप लगाया कि परिवार के साथ क्रूरता की जा रही है और उन्हें डराया-धमकाया जा रहा है। राहुल गांधी ने कहा, `मैं सीएम योगी आदित्यनाथ से कहना चाहता हूं कि इनको न्याय दीजिए, इनका सम्मान कीजिए और जो अपराधी हैं उन पर जल्दी से जल्दी कार्रवाई कीजिए।
बता दें कि राहुल गांधी सुबह उत्तर प्रदेश के कानपुर पहुंचे थे। उसके बाद सड़क मार्ग के जरिए फतेहपुर आए। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। हालांकि, इससे पहले हरिओम के परिवार ने राहुल गांधी से मिलने से साफ इनकार कर दिया था, जिसके बाद पुलिस ने काफिले को रोक लिया था। बाद में बातचीत के बाद प्रशासन ने राहुल को मुलाकात करने की अनुमति दे दी। राहुल ने परिवार से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इससे पहले परिवार का कहना था कि वे सरकार से संतुष्ट हैं और किसी तरह की राजनीति नहीं चाहते हैं।
परिवार को सरकार ने किया कैद
राहुल गांधी ने कहा कि परिवार ने अपराध नहीं किया। क्राइम इनके खिलाफ किया गया है। ऐसा लग रहा है कि ये अपराधी हैं। घर में बंद कर रखा है। डरा रहे हैं। ये सिर्फ न्याय मांग रहे हैं।
