मुख्यपृष्ठनए समाचारराहत पैकेज को लेकर ‘महायुति’ के खिलाफ ‘काली दिवाली’ आंदोलन!

राहत पैकेज को लेकर ‘महायुति’ के खिलाफ ‘काली दिवाली’ आंदोलन!

-राकांपा ने किया तहसीलदार कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन

प्रेम यादव / मीरा-भायंदर

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की मीरा-भायंदर शहर जिला इकाई ने राज्य सरकार के कथित ‘धोखाधड़ी वाले राहत पैकेज’ के विरोध में अपर तहसीलदार कार्यालय के बाहर ‘काली दिवाली आंदोलन’ के तहत जोरदार प्रदर्शन किया।
पार्टी ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र में भारी बारिश और प्राकृतिक आपदाओं से ६८ लाख हेक्टेयर से अधिक फसलें बर्बाद हो चुकी हैं, जिससे किसान पूरी तरह तबाह हैं। ऐसे में सरकार ने राहत के नाम पर मजाक किया है। किसानों को प्रति हेक्टेयर मात्र १८,५०० रुपए की सहायता दी जा रही है, जबकि वास्तविक मदद ५०,००० रुपए प्रति हेक्टेयर दी जानी चाहिए। नेताओं ने कहा कि ७,४०० रुपए प्रति एकड़ में तो किसान बीज भी नहीं खरीद सकते।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकार ने कटावग्रस्त जमीन के लिए ४७,००० रुपए, कुओं की सफाई के लिए ३०,००० रुपए और दुधारू पशुओं के लिए ३७,५०० रुपए देने की घोषणा की है, जो पर्याप्त नहीं है। उन्होंने मांग की है कि कुओं की सफाई और खेत सुधार के लिए कम से कम १.५ लाख रुपए प्रति हेक्टेयर दिए जाएं। साथ ही मकान क्षति के लिए २.५ लाख रुपए, दुकानों के लिए १ लाख रुपए व किसानों की कर्जमाफी की भी मांग की गई।
सरकारी ‘राहत’ महज कागजी आंकड़ा
पार्टी नेताओं ने कहा कि सरकार का कथित ३१,००० करोड़ रुपए का पैकेज महज कागजी आंकड़ा है और वास्तविक सहायता १६ से १७ हजार करोड़ रुपए से अधिक नहीं है। यह किसानों के साथ धोखा है। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष एड. विक्रम तारे पाटील, कार्याध्यक्ष गुलाम नबी फारुकी, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष तैयब खान, विधानसभा अध्यक्ष विनोद जगताप, मुख्य प्रवक्ता श्याम रावत सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

अन्य समाचार