मुख्यपृष्ठनए समाचाररायबरेली की रायशुमारी का हवाला देकर ... वरुण पर बन रहा है...

रायबरेली की रायशुमारी का हवाला देकर … वरुण पर बन रहा है दबाव! … बहन के खिलाफ भाई को लड़वाने की है भाजपाई साजिश

कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी के नाम की चल रही है चर्चा
सामना संवाददाता / लखनऊ
पीलीभीत से टिकट काटने के बाद अब वरुण गांधी पर रायबरेली से चुनाव लड़ने का दबाव बनाया जा रहा है। हालांकि, शुरुआती खबरों के अनुसार, वरुण ने वहां से चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। इसकी वजह है कि कांग्रेस की तरफ से वहां से प्रियंका गांधी के नाम की चर्चा चल रही हैं। ऐसे में भाजपा नेतृत्व भाई-बहन के बीच चुनाव लड़वाने की साजिश रच रहा है। वरुण के मना करने के बाद भी उनके ऊपर चुनाव लड़ने का दबाव बनाते हुए उनका ब्रेनवॉश किए जाने की खबर है।
मिली जानकारी के अनुसार, भाजपा ने रायबरेली में एक रायशुमारी करवाई है कि वहां से भाजपा प्रत्याशी किसे बनाया चाहिए। इसमें तीन-चार नाम दिए गए थे। बताया जाता है कि इस रायशुमारी में वरुण गांधी का नाम सबसे ऊपर है। रायबरेली के लोग गांधी परिवार के ही सदस्य को उम्मीदवार के रूप में देखना चाहते हैं। दरअसल, सोनिया गांधी राज्यसभा की सदस्य हो गई हैं। ऐसे में कांग्रेस की तरफ से वहां किसी दूसरे प्रत्याशी को मैदान में उतारा जाएगा। फिलहाल राजनीतिक गलियारे में प्रियंका गांधी के नाम की चर्चा चल रही है। हालांकि, अभी तक कांग्रेस की ओर से कोई अधिकृत घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में भाजपा की तरफ से वरुण गांधी को वहां से टिकट दिए जाने की चर्चा चल रही है। वरुण गांधी ने भाजपा की साजिश को भांपते हुए चुनाव लड़ने से मना कर दिया है। बता दें कि लोकसभा चुनाव के लिए सिर्फ रायबरेली और वैâसरगंज ही दो ऐसी सीटें हैं, जहां भाजपा ने अभी तक प्रत्‍याशियों के नामों की घोषणा नहीं की है। भाजपा सूत्रों का दावा है कि शीर्ष नेतृत्‍व ने वरुण गांधी से रायबरेली में चुनाव लड़ने की बात की है। पर वरुण गांधी अपनी बहन प्रियंका गांधी के खिलाफ चुनाव नहीं लड़ना चाहते। भाजपा के एक अन्य सूत्र के अनुसार, अगर रायबरेली से कांग्रेस प्रियंका गांधी को चुनाव में नहीं उतारती है तो फिर वहां से वरुण के चुनाव लड़ने में कोई दिक्कत नहीं है। हालांकि, ऐसी भी चर्चा है कि पीलीभीत से टिकट काटे जाने के बाद वरुण गांधी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से काफी नाराज हैं पर मां मेनका गांधी के समझाने के बाद वे फिलहाल चुप हैं। बता दें कि पूर्व में मैनपुरी से डिंपल यादव के खिलाफ भाजपा से देवरानी अपर्णा यादव को भी भाजपा की ओर से चुनाव लड़ने का ऑफर दिया गया था पर अपर्णा ने जेठानी के खिलाफ चुनाव लड़ने से मना कर दिया था।

अमेठी की पुकार, रॉबर्ट अबकी बार
अमेठी की जनता करे पुकार, रॉबर्ट वाड्रा अबकी बार। इस तरह के पोस्टर अमेठी में कांग्रेस दफ्तर के बाहर लग गए हैं। असल में अमेठी से राहुल गांधी के चुनाव लड़ने पर सस्पेंस है और हाल ही में प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा ने चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। इसके बाद अमेठी के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं में जोश आ गया है।

 

अन्य समाचार