मुख्यपृष्ठनए समाचारबंद दरवाजा बना यात्रियों की आफत!.. बांगुर नगर मेट्रो स्टेशन पर कई...

बंद दरवाजा बना यात्रियों की आफत!.. बांगुर नगर मेट्रो स्टेशन पर कई दिनों से प्लेटफॉर्म का दरवाजा खराब

-बुनियादी सुविधाओं में हो रही लापरवाही

संदीप पांडेय / मुंबई
मुंबई की मेट्रो को आधुनिक, तेज और सुविधाजनक परिवहन व्यवस्था बताकर यात्रियों से किराया तो पूरा वसूला जा रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत में यात्रियों को सुविधा के नाम पर चूरन मिलता नजर आ रहा है। मेट्रो लाइन-२ए के बांगुर नगर स्टेशन पर प्लेटफॉर्म का एक दरवाजा कई दिनों से खराब पड़ा है। पीक आवर्स में जब स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ती है, तब इस दरवाजे के बंद रहने से यात्रियों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सवाल यह है कि जब यात्रियों से सुविधा का पूरा शुल्क लिया जा रहा है तो उनकी बुनियादी सुविधा को दुरुस्त रखने में इतनी लापरवाही क्यों।
पीक आवर्स में यात्रियों की फजीहत
व्यस्त समय में बांगुर नगर स्टेशन पर यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में प्लेटफॉर्म से आवाजाही से जुड़ा कोई दरवाजा लंबे समय तक बंद रहना भीड़ प्रबंधन को प्रभावित कर सकता है। यात्रियों का कहना है कि एक तरफ मेट्रो प्रशासन बेहतर यात्री सुविधाओं के दावे करता है, वहीं दूसरी तरफ स्टेशन की जरूरी सुविधा कई दिनों से खराब पड़ी है।
लाइन-२ए के संचालन से जुड़ी महा मुंबई मेट्रो ऑपरेशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एमएमएमओसीएल) से यात्रियों का सवाल है कि स्टेशन की सुविधा और रखरखाव की निगरानी आखिर किस तरह की जा रही है। यदि किसी यात्री सुविधा में खराबी आती है तो उसे तत्काल दुरुस्त करने की व्यवस्था क्यों नहीं है? यात्रियों का कहना है कि उन्हें चमकदार स्टेशन और बड़े-बड़े सुविधा के दावों से ज्यादा जरूरत ऐसी व्यवस्थाओं की है, जो वास्तव में जमीन पर काम करें।

अन्य समाचार