मुख्यपृष्ठनए समाचारसभी प्रॉपर्टी अडानी के झोली में डालने की साजिश!-आदित्य ठाकरे का जोरदार...

सभी प्रॉपर्टी अडानी के झोली में डालने की साजिश!-आदित्य ठाकरे का जोरदार हमला

सामना संवाददाता / मुंबई
अन्य धर्मियों की सारी प्रॉपटियां लेकर मुस्लिमों को देने का उल्लेख कांग्रेस के घोषणापत्र में किया है। इस तरह का बयान प्रधानमंत्री की तरफ से आया है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। यह भाजपा ही है, जो जाति-धर्म का भेद किए बिना सारी प्रॉपर्टी छीनकर एक उद्योगपति को दे रही है। इसके खिलाफ ये देश खड़ा हुआ है। भाजपा जब हारने लगती है तभी वह दो धर्मों, जाति-पांति और जिलों के बीच विवाद पैदा करने के समीकरण लोगों के सामने लाती है। इस तरह का हमला शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पक्ष नेता व युवासेनाप्रमुख आदित्य ठाकरे ने भाजपा पर किया।
मावल लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से महाविकास आघाड़ी के उम्मीदवार संजोग वाघेरे-पाटील के नामांकन दाखिल करने के बाद आकुर्डी में आघाड़ी की सभा हुई। इसके बाद आदित्य ठाकरे ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा और गद्दारों की जमकर खबर ली। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले दो दिनों से आरोप लगा रहे हैं, ‘कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में दूसरे धर्मों की सारी प्रॉपर्टी छीनकर मुसलमानों को देने का जिक्र किया है। इस पर आदित्य ठाकरे ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रधानमंत्री की ओर से ऐसा बयान दिया गया है। यह भाजपा ही है, जो जाति-धर्म देखे बिना सारी प्रॉपर्टी लेकर एक उद्योगपति की झोली में डाल रही है। उसके खिलाफ यह देश है। अडानी के हाथ में सारी प्रॉपर्टी है। अडानी की वजह से मुंबई में बिजली के बिल बढ़ेंगे। हम इसके खिलाफ हैं। हम भाजपा की सरकार नहीं आने देंगे। डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर का संविधान उन्हें नहीं चाहिए। वे संविधान बदलना चाहते हैं। उन्हें भाजपा का संविधान चाहिए। आदित्य ठाकरे ने कहा कि भविष्य की राजनीति स्वच्छ होनी चाहिए, ऐसा कीचड़ नहीं। कमल कीचड़ में खिलता है, लेकिन भाजपा के कमल के लिए देशभर में इतना कीचड़ करने की जरूरत नहीं है। व्यक्तिगत राजनीति करने की अपेक्षा साफ-सुथरी राजनीति करके देश को आगे ले जाएंगे। आदित्य ठाकरे ने कहा कि साल २०१९ के विधानसभा चुनाव में हम १२५ सीटों पर लड़े थे। उस वक्त भाजपा ने कई जगहों पर बगावत की थी। भाजपा हो या घाती हो, ‘इनका जिसने दिया साथ, उनके साथ किया घात’ वाली स्थिति है। पिछले पांच साल में १५ लाख रुपए खाते में डालने का हो, प्रधानमंत्री आवास योजना हो, इस तरह के भाजपा के कई जुमले हमने सुने हैं। पांच साल पहले उन पर विश्वास करके देखा, लेकिन पूरे देश के साथ उन्होंने घात किया है। बेरोजगारी बढ़ रही है। हर तरफ गैंग खड़े हो रहे हैं। महाराष्ट्र सरकार है या नहीं? यह सवाल खड़ा हो रहा है।’
दक्षिण में साफ… नॉर्थ में हाफ!
भाजपा के ४०० से ज्यादा के दावे का मजाक उड़ाते हुए आदित्य ठाकरे ने कहा, ‘शायद उन्हें ८००-९०० सीटें मिलेंगी। चार-पांच अलग-अलग ग्रहों पर, चंद्रमा पर ये सीटें मिलेंगी। लेकिन हमारे देश में ‘दक्षिण में साफ और उत्तर में हाफ’ वाली स्थिति इनकी दिखाई दे रही है। अगर आप भाजपा के प्रचार भाषणों पर नजर डालें तो पता चलता है कि भाषा का इस्तेमाल दो धर्मों, जातियों और जिलों के बीच विवाद पैदा करने के लिए किया जा रहा है। भाजपा ये समीकरण तभी लोगों के सामने लाती है, जब वो हारने लगती है। इससे पता चलता है कि चुनाव के पहले चरण में ‘इंडिया’ गठबंधन के लिए अच्छा मतदान हुआ है। १० साल तक बहुमत की सरकार चलाने के बाद देश में नोटबंदी से कैसे फायदा हुआ, कैसे काला धन सबके खाते में आया, कैसे आतंकवाद खत्म हुआ, कैसे नकली नोट खत्म हुए, १०० स्मार्ट सिटी किस देश में बनाए? जीएसटी की सफलता की कहानी पर बात होनी चाहिए।

घोटाला करना ही घातियों का काम
मुंबई मनपा में भ्रष्टाचार के आरोपों पर बोलते हुए आदित्य ठाकरे ने कहा कि ‘लोकायुक्त के पास फर्नीचर घोटाले पर हमारी सुनवाई शुरू है। सड़कों का घोटाला लोगों के सामने लाने के बाद मुंबई मनपा प्रशासक को उसमें एक हजार करोड़ रुपए कम करना पड़ा। छह हजार करोड़ रुपए के खर्च को उन्हें पांच हजार करोड़ रुपए पर लाना पड़ा।

अन्य समाचार