-महायुति के खिलाफ महामोर्चा
-३२ हजार करोड़ का पैकेज इतिहास की सबसे बड़ी ठगी’
सामना संवाददाता / मुंबई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुंबई आए, दो दिन रहे। अपने भाषण में उन्होंने न बाढ़ आपदा का उल्लेख किया और न ही जनता की मदद का। दूसरी तरफ बिहार चुनाव में किसी ने मांगा नहीं, फिर भी प्रधानमंत्री ने ७५ लाख महिलाओं के खाते में १०-१० हजार रुपए भेज दिए। जबकि महाराष्ट्र में शिवभोजन बंद, आनंद शिधा बंद, लाडली बहन सहित अन्य कई योजनाएं दम तोड़ रही हैं। ये भाजपा की सरकारें चुनाव आते ही पैकेज बांटो अभियान शुरू कर देती हैं। चुनाव खत्म होते ही तमाम सुविधाओं वाली योजनाएं बंद कर देती हैं। यह वोट चोरी का जरिया बन गया है। ऐसा जोरदार हमला बोलते हुए शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने पीएम मोदी सहित तमाम राज्यों की भाजपा सरकारों की पोल खोलने के साथ दहाड़ते हुए कहा कि देश को रसातल में ले जाने वाले वोट चोर गद्दी छोड़।
उद्धव ठाकरे शनिवार को शिवसेना की ओर से छत्रपति संभाजीनगर में आयोजित आक्रोश मोर्चा में बोल रहे थे। इस मौके पर शिवसेना नेता व विधायक आदित्य ठाकरे, सांसद संजय राऊत, अरविंद सावंत, चंद्रकांत खैरे, अंबादास दानवे व संजय जाधव, ओमराजे निंबालकर, नागेश पाटील सहित तमाम पदाधिकारी उपस्थित थे।
उद्धव ठाकरे ने जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि बिहार में १० हजार रुपए महिलाओं को देते हो, महाराष्ट्र में आते ही तुम्हारे घोड़े मर गए थे क्या? यहां तुम्हें लाडली बहनों को पैकेज देने से किसने रोका है? तुम देश के प्रधानमंत्री हो इसलिए देश की महिलाओं के लिए पीएम केयर फंड से पैसे डालो।
शिवतीर्थ पर तेज बारिश में तो छत्रपति संभाजीनगर में तपते सूरज के नीचे निकला मोर्चा
संकट के दुष्चक्र में फंसे किसानों के लिए मांगों को लेकर और बाढ़ग्रस्त किसानों की मदद के लिए शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में किसानों का जोरदार मोर्चा निकला। जिस तरह शिसवेना के दशहरा सम्मेलन में जोरदार बारिश के बावजूद भारी भीड़ जमा हुई थी, उसी तरह कल भी छत्रपति संभाजीनगर में तपती धूप में यह मोर्चा निकला। इस मोर्चे में भी बड़ी संख्या में लोग जमा हुए थे। इस मोर्चे में शिवसेना नेता व युवासेनाप्रमुख आदित्य ठाकरे, सांसद संजय राऊत, सांसद अरविंद सावंत, शिवसेना नेता चंद्रकांत खैरे, अंबादास दानवे, विधायक अनिल परब, विधायक मिलिंद नार्वेकर, सांसद बंडू जाधव समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारियों, शिवसैनिकों और किसानों की उपस्थित रही। क्रांति चौक में उद्धव ठाकरे ने छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का पूजन किया, जबकि विधायक आदित्य ठाकरे ने स्तंभ पूजन के बाद मोर्चे की शुरुआत की। इस मोर्चे में सरकार के खिलाफ नारेबाजी और मांगों से जुड़े बैनर ध्यान आकर्षित कर रहे थे।
राजा उदार तो जनता के हाथ में थमाया तरबूज
देवेंद्र फडणवीस ने ३२ हजार करोड़ रुपए का पैकेज घोषित कर उसे ऐतिहासिक बताया है, लेकिन यह इतिहास की सबसे बड़ी ठगी है। राजा उदार हुआ तो जनता के हाथ में तरबूज थमाया। किसान कर्जमुक्त होने ही चाहिए। उनके साथ धोखाधड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कहां गया १ रुपया में फसल बीमा?
सरकार ने किसानों को सिर्फ फंसाने का काम किया है। १ रुपया में फसल बीमा दिया था, कहां गया वह? किसानों को कब लाभ मिलेगा? किसान मेहनत कर रहा है और उसका फल सरकार और सरकार में बैठे लोग खा रहे हैं।

श्री शिवाई सेवा ट्रस्ट की ओर से संभाजीपेठ में शिवसेना भवन का कल शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे के हाथों उद्घाटन हुआ। इस अवसर पर शिवसेना नेता व विधायक आदित्य ठाकरे, सांसद संजय राऊत, अरविंद सावंत, शिवसेना नेता चंद्रकांत खैरे, अंबादास दानवे, शिवसेना सचिव व विधायक मिलिंद नार्वेकर, विधायक एड. अनिल परब आदि गणमान्य उपस्थित थे।
