मुख्यपृष्ठनए समाचारफड़णवीस के मन में था गिरफ्तारी का भय इसीलिए की जोड़-तोड़ की...

फड़णवीस के मन में था गिरफ्तारी का भय इसीलिए की जोड़-तोड़ की राजनीति … संजय राऊत का हल्लाबोल

सामना संवाददाता / मुंबई
महाविकास आघाड़ी सरकार देवेंद्र फडणवीस और आशिष शेलार को गिरफ्तार करनेवाली थी। इस तरह का दावा मुख्यमंत्री ने किया है। फडणवीस के मन में गिरफ्तारी का भय क्यों पैदा हुआ, उन्होंने जरूर कुछ न कुछ किया होगा, तभी उनके मन में इस तरह का डर था। इसीलिए ही उन्होंने जोड़-तोड़ की राजनीति की है। दूसरी तरफ सूरत में भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध चुना गया है, यह भाजपा की जीत नहीं बल्कि लोकतंत्र का ही वस्त्रहरण है। इस तरह का जोरदार हमला संजय राऊत ने भाजपा पर किया।
मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री के इस बयान पर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता व सांसद संजय राऊत ने अच्छी तरह से खबर ली। उन्होंने कहा कि सरकार किसी को अकारण नहीं गिरफ्तार करती है। अपराधी कितना भी बड़ा हो गया हो लेकिन कानून के समक्ष सभी एक समान हैं। दिल्ली में बैठे घाती के बॉस का भी यही कहना है। इसीलिए ही मोदी सरकार ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और कई मंत्रियों को गिरफ्तार किया। साथ ही उनके खिलाफ फर्जी आरोप लगाए गए।
फोन टैपिंग के दोषी हैं फडणवीस
संजय राऊत ने कहा कि देवेंद्र फडणवीस अवैध फोन टैपिंग में दोषी हैं। उनके खिलाफ जांच चल रही है। मैंने अपराध किया है, यह भावना उनके मन में कौंध रही थी। इसीलिए उन्हें खुद के गिरफ्तार होने का डर था। मुख्यमंत्री और गृहमंत्री पद पर रहते हुए उन्होंने विरोधियों का फोन टैप करके जानकारी जुटाने के लिए पुलिस आधिकारियों को काम पर लगाया था। उसमें रश्मि शुक्ला के ऊपर लगे आरोपों को वापस ले लिया गया। संजय राऊत ने कहा कि वह क्यों वापस लिया गया, जांच पूरी होने पर सच्चाई सामने आ जाएगी। यह भय उनके मन में था।
गंभीर अपराध है फोन टैपिंग
संजय राऊत ने कहा कि फोन टैपिंग करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। अन्य देशों में ऐसे आरोप के लिए तुरंत गिरफ्तारियां होती हैं। इस तरह का गंभीर अपराध उन्होंने किया था। इसलिए उनके मन में भय पैदा हो गया था। वे डरपोक हैं। अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए फडणवीस ने घातियों पर दबाव बनाकर पक्ष को फोड़ा। संजय राऊत ने कहा कि खुद का बचाव करने और गिरफ्तारी टालने के लिए उन्होंने जोड़-तोड़ की राजनीति करते हुए उद्धव ठाकरे की सरकार को गिरा दिया।
क्या कानून से बड़े हैं भाजपा नेता
प्रवीण दरेकर की मुंबई बैंक लोन घोटाले की जांच चल रही थी। वहां हजारों करोड़ों रुपए का घोटाला हुआ है। संजय राऊत ने कहा कि १० से १५ लाख के घोटाला मामलों में भाजपा ने कई लोगों को गिरफ्तार किया। उन्होंने सवाल किया कि फिर इन दोनों की गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई। भाजपा नेता क्या कानून से बड़े हैं। फडणवीस, शेलार, गिरीश महाजन, प्रसाद लाड इन सभी की जांच चल रही थी। दूसरों पर आरोप लगाने वाले घाती से पूछिए कि मोदी सरकार उन्हें क्यों गिरफ्तार करनेवाली थी। आप विधायकों को फोड़कर हमारे साथ आ जाओ।

अन्य समाचार