मुख्यपृष्ठनए समाचारत्योहार की खरीदारी बनी सिरदर्द...मुंबई में दिवाली से पहले ट्रैफिक का महाविस्फोट!

त्योहार की खरीदारी बनी सिरदर्द…मुंबई में दिवाली से पहले ट्रैफिक का महाविस्फोट!

– दादर से कुर्ला तक सड़कें जाम…एंबुलेंस फंसी, पुलिस नदारद

– वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर गाड़ियों की रेलमपेल

धीरेंद्र उपाध्याय / मुंबई

बाजारों में त्योहारी रौनक और खरीदारी की चाहत लिए हजारों वाहन जब सड़कों पर उतरे, तो मुंबई की सड़कें मानो थम सी गर्इं। दिवाली से पहले का यह दिन शहर के लिए एक बड़ी परीक्षा बन गया, जहां ट्रैफिक ने महाविस्फोट का रूप ले लिया।
दादर से लेकर कुर्ला तक पूरे इलाके में सड़कें ठप पड़ी नजर आर्इं। वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर गाड़ियों की रेलमपेल और बांद्रा से विलेपार्ले तक रेंगते ट्रैफिक ने लोगों का जीना दूभर कर दिया। इस अराजकता में एंबुलेंस तक फंसी रह गई, जबकि व्यवस्था संभालने वाली पुलिस नदारद दिखी। यह सिर्फ यातायात जाम की कहानी नहीं, बल्कि शहरी प्रबंधन की चुनौतियों का एक जीवंत दस्तावेज बन गया।
उमड़ पड़ा वाहनों का सैलाब
दिवाली की रोशनी से जगमगाती मुंबई की सड़कें शुक्रवार को यातायात जाम के अंधेरे में डूब गर्इं। त्योहारी खरीदारी और साप्ताहिक छुट्टी के चलते शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों का सैलाब उमड़ पड़ा, जिससे दादर से लेकर कुर्ला तक का इलाका एक विशाल पार्किंग स्थल में तब्दील हो गया। वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर भी गाड़ियों की लंबी कतारें लगी रहीं।
ट्रैफिक जाम से हताश नागरिकों ने अपनी भड़ास सोशल मीडिया पर निकाली। आरवी ऑफिशियल नामक एक यूजर ने सीधे मुख्यमंत्री व परिवहन मंत्री को टैग करते हुए वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे की वर्तमान स्थिति का वीडियो साझा करते हुए लिखा कि बांद्रा से विले पार्ले तक भीषण ट्रैफिक जाम, कष्ट कब खत्म होंगे? सड़क पर कोई पुलिस नहीं। दूसरी ओर एक अन्य यूजर ने दादर टीटी सर्कल के पूरी तरह जाम होने की तस्वीर पोस्ट कर इसे कुप्रबंधन करार दिया।
बेहतर प्रबंधन की मांग तेज
जैसे-जैसे दिवाली का उत्साह नजदीक आ रहा है, मुंबईकर प्रशासन से बेहतर योजना और सक्रिय यातायात प्रबंधन की मांग कर रहे हैं। लोग चाहते हैं कि व्यस्त मार्गों पर पर्याप्त संख्या में ट्रैफिक पुलिस तैनात की जाए, ताकि आपातकालीन वाहनों की आवाजाही सुनिश्चित हो सके और त्योहार का जश्न यातायात के इस अंधेरे में खो न जाए।

अन्य समाचार