मुख्यपृष्ठनए समाचारचुनाव आयोग की वेबसाइट पर चुनावी शिकायतों की बाढ़!

चुनाव आयोग की वेबसाइट पर चुनावी शिकायतों की बाढ़!

राजेश जायसवाल / मुंबई
लोकसभा चुनाव के लिए मुंबई उपनगरों से ७ हजार ९१४ नागरिकों ने चुनाव संबंधी शिकायतें दर्ज कराई हैं। जिनमें पाया गया कि ६ हजार ९२८ शिकायतों में कोई तथ्य नहीं है। यह जानकारी कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र क्षीरसागर ने दी है। ये शिकायतें चुनाव आयोग के राष्ट्रीय शिकायत सेवा पोर्टल पर की गई हैं।
लोकसभा आम चुनाव के मद्देनजर चुनाव संबंधी और गैर चुनाव संबंधी दोनों शिकायतें राष्ट्रीय शिकायत सेवा पोर्टल (एनजीएसपी) के माध्यम से दर्ज की जा सकती हैं। इस पोर्टल के माध्यम से अब तक प्राप्त शिकायतों में से ९४२ शिकायतों का समाधान किया जा चुका है। जबकि ३६ शिकायतों पर कार्रवाई जारी है। ८ शिकायतें समाधान की प्रारंभिक प्रक्रिया में हैं।
नागरिक इस पोर्टल के माध्यम से मतदाता पंजीकरण, मतदान केंद्र स्थान, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम), चुनाव खर्च, चुनाव में कोई भी अवैध या अनैतिक गतिविधि से संबंधित शिकायतें दर्ज कर सकते हैं। यह पोर्टल चुनाव संबंधी और गैर-चुनाव संबंधी शिकायतों के निवारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
नागरिक अपने मोबाइल नंबर का उपयोग करके पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं और अपनी प्रोफाइल बना सकते हैं। यह पोर्टल किसी नागरिक द्वारा अपनी प्रोफाइल में दर्ज की गई सभी शिकायतों का रिकॉर्ड रखता है। शिकायत दर्ज होने के बाद संदर्भ आईडी पंजीकृत मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी पर भेजा जाता है। शिकायत दर्ज होने के बाद इसे जांच के लिए उपयुक्त चुनाव अधिकारी को सौंप दिया जाता है। क्षीरसागर ने कहा कि अधिकारी को समय सीमा के भीतर शिकायत का जवाब देना अनिवार्य होता है।
पोर्टल पर नागरिक किसी भी समय कर सकते हैं संबंधित शिकायतें
इस पोर्टल को मतदाता पंजीकरण से संबंधित नागरिकों से प्राप्त शिकायतों की निगरानी और निवारण के लिए एक स्थायी एक खिड़की योजना के रूप में डिजाइन किया गया है। इस पोर्टल पर नागरिक किसी भी समय मतदाता पंजीकरण से संबंधित शिकायतें दर्ज कर सकते हैं। उसके लिए नागरिक https://ngsp.eci.gov.in/ या फिर से https://tmp.eci.gov.in/electors इस लिंक पर जाकर अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
शिकायत की स्थिति को ऑनलाइन कर सकते हैं ट्रैक
राष्ट्रीय शिकायत सेवा पोर्टल पर जाने के बाद ‘Register Grievance’  बटन पर क्लिक करें। फिर आप जिस प्रकार की शिकायत दर्ज करना चाहते हैं उसे चुनें। इसमें व्यक्तिगत जानकारी दर्ज करें। फिर शिकायत का विवरण भरें। शिकायत के साथ कोई सहायक दस्तावेज (यदि हो) भी अपलोड करें। यह सब करने के बाद `सबमिट’ बटन पर क्लिक करें। एक बार जब आप अपनी शिकायत सबमिट कर देंगे, तो आपको एक ई-मेल पुष्टिकरण प्राप्त होगा। आप अपनी शिकायत की स्थिति को ऑनलाइन भी ट्रैक कर सकते हैं। पोर्टल तक पहुंचने के लिए आप https://eci-citizenservices.eci.nic.in/  इस लिंक का उपयोग कर सकते हैं।

 

 

 

अन्य समाचार