मुख्यपृष्ठसमाचारकाशी में धनतेरस से शुरू होगा स्वर्णमयी माता अन्नपूर्णेश्वरी दर्शन...अंबानी परिवार ने...

काशी में धनतेरस से शुरू होगा स्वर्णमयी माता अन्नपूर्णेश्वरी दर्शन…अंबानी परिवार ने मां अन्नपूर्णेश्वरी को भेजा उपहार

उमेश गुप्ता / वाराणसी

दीपावली पर्व के अवसर पर काशी विश्वनाथ धाम में धार्मिक उत्साह चरम पर है। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के मुख्य द्वार (गेट नंबर एक) पर स्थित मंदिर के प्रथम तल पर विराजमान स्वर्ण अन्नपूर्णेश्वरी माता के पट धनतेरस के दिन 18 अक्टूबर (कार्तिक कृष्ण त्रयोदशी) को खुलेंगे। इस शुभ अवसर पर देशभर के श्रद्धालु मां के दर्शन की प्रतीक्षा कर रहे हैं, जो श्रद्धालु व्यक्तिगत रूप से काशी नहीं पहुंच पा रहे, वे अपनी श्रद्धा विभिन्न माध्यमों से व्यक्त कर रहे हैं। इन्हीं में से एक है भारत के प्रमुख उद्योगपति मुकेश अंबानी और उनका परिवार, जिन्होंने मां अन्नपूर्णेश्वरी के प्रति अपनी गहरी भक्ति और आस्था प्रकट करते हुए श्रृंगार सामग्री भेजी है।
अंबानी परिवार ने अपने प्रतिनिधि के माध्यम से दीपावली ग्रीटिंग कार्ड, साड़ी, आभूषण, श्रृंगार सामग्री और नकद धनराशि मां अन्नपूर्णेश्वरी को अर्पित की है। ग्रीटिंग कार्ड पर नीता और मुकेश अंबानी, उनके पुत्र आकाश अंबानी, अनंत अंबानी, पुत्रवधुएं श्लोका और राधिका अंबानी, तथा उनके बच्चों के नाम अंकित हैं। मंदिर के महंत शंकर पुरी जी ने बताया कि यह पूरी श्रृंगार सामग्री पट खुलने के दिन मां अन्नपूर्णेश्वरी को समर्पित की जाएगी। उन्होंने कहा कि दीपावली के इस पावन अवसर पर अंबानी परिवार की यह पहल न केवल उनके श्रद्धा-भाव को दर्शाती है, बल्कि अन्य श्रद्धालुओं के लिए भी एक प्रेरणा का स्रोत है।
वाराणसी की धार्मिक परंपराओं में धनतेरस से लेकर दीपावली तक मां अन्नपूर्णेश्वरी के श्रृंगार और दर्शन का विशेष महत्व है। इस दौरान स्वर्णमयी मां के दर्शन करने के लिए हजारों श्रद्धालु काशी पहुंचते हैं।
अंबानी परिवार का यह श्रद्धाभाव दर्शाता है कि भले वे देश के सबसे बड़े उद्योगपतियों में से हैं, लेकिन भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के प्रति उनकी आस्था आज भी उतनी ही अटूट है।

अन्य समाचार