सुरेश गोलानी / मुंबई
गणेश विसर्जन के पावन मौके पर उमड़ने वाली भारी भीड़ की आड़ में हुड़दंग मचाने वाले शराबियों और महिलाओं से अभद्रता करने वाले मनचलों की अब खैर नहीं है। मीरा -भायंदर, वसई-विरार पुलिस ने आयुक्त निकेत कौशिक के मार्गदर्शन में बाप्पा की विदाई को पूरी तरह सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाने हेतु अपनी कमर कस ली है। इसी क्रम में काशीमीरा थाने के वरिष्ठ पुलिस राजेंद्र कांबले ने मीरा रोड (पूर्व) के पूनम क्लस्टर में सार्वजनिक गणपति विसर्जन यात्रा के दौरान शराब के नशे में धुत होकर ढोल बजाने वाले २४ वर्षीय रिशी बागड़ी के खिलाफ महाराष्ट्र दारूबंदी अधिनियम की संबंधित धाराओं के खिलाफ सार्वजनिक स्थल पर शराब पीकर दुर्व्यवहार करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। इन धाराओं के तहत दोषी पाए जाने पर ६ महीने तक की जेल और भारी जुर्माने का प्रावधान है। आरोप है कि बागड़ी बिना किसी आधिकारिक अनुमति के सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर बेहद तेज आवाज में ढोल बजाकर नशे की हालत में असभ्य व्यवहार कर रहा था। इसके अलावा विसर्जन यात्रा में उमड़ने वाली भारी भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं और युवतियों से छेड़छाड़ या अभद्रता करने वाले मनचलों और मजनुओं से निपटने के लिए भी पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में है।
पुलिस के मुताबिक, विसर्जन मार्गों और प्रमुख चौराहों पर भारी पुलिस बल के साथ-साथ सादे कपड़ों में विशेष पुलिसकर्मियों और महिला पुलिस की टीमों को तैनात किया गया है। ये गुप्त टीमें भीड़ का हिस्सा बनकर हर संदिग्ध गतिविधि और मनचलों पर पैनी नजर रखेंगी। इसके अलावा, पूरे विसर्जन रूट को सीसीटीवी कैमरा के जरिए ‘तीसरी आंख’ की निगरानी में रखा गया है। वरिष्ठ पुलिस राजेंद्र कांबले ने सख्त हिदायत दी है कि त्योहारों के दौरान कानून हाथ में लेने वालों पर ऐसी ही पैनी और सख्त नजर रहेगी। इस त्वरित कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि बाप्पा की विदाई के दौरान केवल भक्ति और अनुशासन ही चलेगा और किसी भी तरह की बदतमीजी या नशेबाजी सीधे जेल का रास्ता दिखाएगी।
मनचलों पर सादी वर्दी में नजर
गणेश विसर्जन के दौरान महिलाओं और युवतियों से अभद्रता करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। विसर्जन मार्गों पर सादी वर्दी में पुलिसकर्मी और महिला पुलिस तैनात हैं। सीसीटीवी के जरिए भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
