हिमांशु राज़
कार्तिक आर्यन ने आखिरकार वह मुकाम हासिल कर लिया, जिसकी हर अभिनेता ख्वाहिश करता है। कबीर खान की फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ में अपने दमदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मिला पहला फिल्मफेयर बेस्ट एक्टर अवॉर्ड, उनके करियर की एक ऐतिहासिक उपलब्धि बन गया। यह पल सिर्फ़ एक जीत नहीं थी, बल्कि उन बरसों की मेहनत, संघर्ष और यकीन की नतीजा था जिसे कार्तिक ने अपनी हर फिल्म में साबित किया। ‘चंदू चैंपियन’ में उन्होंने मुरलीकांत पेटकर के किरदार को जीने का साहस दिखाया, जिसे निभाने के लिए न केवल शारीरिक बदलाव बल्कि भावनात्मक तैयारी की भी जरूरत थी। पर्दे पर कार्तिक ने सिर्फ़ अभिनय नहीं किया, बल्कि दर्शकों के दिलों में पेटकर की आत्मा उतार दी।अवॉर्ड पाने के बाद कार्तिक ने सोशल मीडिया पर लिखा कि “चैंपियन गिरता है, पर रुकता नहीं।” इस एक पंक्ति में उनकी पूरी यात्रा समाई है। उन्होंने यह सम्मान मुरलीकांत पेटकर को समर्पित करते हुए कहा कि असली हीरो वही हैं जिनसे उन्होंने प्रेरणा ली। इस मौके पर उन्होंने अपने निर्देशक कबीर खान, निर्माता साजिद नाडियाडवाला और वर्धा खान नाडियाडवाला को धन्यवाद दिया, जिन्होंने उन पर भरोसा किया और हर पल उनका साथ दिया। सिनेमैटोग्राफर सुदीप चटर्जी और संगीतकार प्रीतम को उन्होंने खासतौर पर शुक्रिया कहा जिन्होंने फिल्म को भावनाओं की गहराई दी।‘ब्लैक लेडी’ उनके हाथों में आने का वह पल था जब एक सपने ने हकीकत का रूप लिया। अब कार्तिक जल्दी ही धर्मा प्रोडक्शन्स की रोमांटिक कॉमेडी ‘तू मेरा मैं तेरी, मैं तेरा तू मेरी’ में नजर आने वाले हैं, और साथ ही अनुराग बसु की लव स्टोरी तथा बहुप्रतीक्षित ‘नागज़िला’ में भी उन्हें देखने की उम्मीद है। कार्तिक की यह जीत साबित करती है कि जज़्बा और लगन से हर असंभव को संभव बनाया जा सकता है।
