मुख्यपृष्ठनए समाचारकुंभ मेला सड़क परियोजना... पीडब्ल्यूडी की जांच पर सवाल!.. जिन फैसलों पर...

कुंभ मेला सड़क परियोजना… पीडब्ल्यूडी की जांच पर सवाल!.. जिन फैसलों पर उठे सवाल, उनकी जांच भी उसी व्यवस्था के अफसरों के जिम्मे!

सुनील ओसवाल / मुंबई

नासिक सिंहस्थ कुंभ मेले के लिए पीडब्ल्यूडी की २,२७० करोड़ रुपए की १८ सड़क परियोजनाओं को लेकर उठे विवाद के बीच गठित जांच समिति की निष्पक्षता पर ही अब सवाल खड़े होने लगे हैं। टेंडर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की जांच शुरू होने से पहले ही विभाग के भीतर इस बात को लेकर चर्चा तेज है कि क्या यह जांच पूरी तरह स्वतंत्र और निष्पक्ष मानी जा सकती है।
नाम उजागर न करने की शर्त पर पीडब्ल्यूडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि नासिक के तत्कालीन मुख्य अभियंता प्रशांत औटी पदोन्नत होकर विभाग में सचिव बन चुके हैं। ऐसे में उनके कार्यकाल के दौरान लिए गए प्रशासनिक निर्णयों की जांच समान स्तर के विभागीय अधिकारियों द्वारा किया जाना प्रशासनिक दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील माना जा रहा है।
जांच के दायरे में सड़कें
जांच के दायरे में त्र्यंबकेश्वर की ३५० करोड़ रुपए की सड़क, सड़क सुधार की २१५ करोड़ रुपए, सिन्नर-इगतपुरी मार्ग की २०७ करोड़ रुपए, सड़क चौड़ीकरण की २०५ करोड़ रुपए तथा नासिक की करीब २०० करोड़ रुपए की परियोजनाओं सहित कुल १८ परियोजनाएं शामिल हैं। हजारों करोड़ रुपए की इन परियोजनाओं की जांच ऐसे समय शुरू हुई है, जब सबसे बड़ा सवाल परियोजनाओं से ज्यादा जांच करनेवाली समिति की निष्पक्षता को लेकर उठ रहा है। अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि यह समिति आरोपों की स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाती है या नहीं।

अन्य समाचार