-स्थान: छत्रपति शिवाजी महाराज मैदान
-समय: शाम ४ बजे
सामना संवाददाता / मुंबई
मोदी सरकार की तानाशाही और नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक द्वारा पिछले २० दिनों से चलाए जा रहे आंदोलन के समर्थन में शिवसेना आज रविवार को दादर स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज मैदान पर जोरदार आंदोलन करेगी। इस आंदोलन में शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे। एक तरफ जहां सरकार आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रही है, वहीं शिवसेना के इस विराट आंदोलन पर पूरे देश की नजर रहेगी। शाम ४ बजे शुरू होने वाले इस आंदोलन में मुंबई सहित महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों से हजारों शिवसैनिकों के शामिल होने की संभावना है।
संकट में पड़ गया है लाखों विद्यार्थियों का भविष्य
शिवसेना का कहना है कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में नीट, सीबीएसई सहित कई प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य संकट में पड़ गया है। दावा है कि नीट पेपर लीक प्रकरण के बाद अब तक २० विद्यार्थियों ने आत्महत्या की है, लेकिन इसके बावजूद केंद्र सरकार किसी प्रकार की नैतिक जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है और केवल कार्रवाई का दिखावा किया जा रहा है। इन्हीं मुद्दों को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षा विशेषज्ञ सोनम वांगचुक तथा कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ता पिछले २० दिनों से दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन कर रहे हैं।
शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे पहले ही इस आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा कर चुके हैं। इसी आंदोलन को और मजबूत करने के उद्देश्य से आज शिवतीर्थ पर यह आंदोलन आयोजित किया गया है। आंदोलन की व्यापक तैयारियां की गई हैं। शिवसेना के समर्थन पर सीजेपी के अभिजीत दीपके ने पार्टी का आभार व्यक्त किया है।
आंदोलन में शामिल होने की अपील
शिवसेना ने जनता से अपील करते हुए कहा है कि मोदी सरकार की तानाशाही और युवाओं की आवाज दबाने की साजिश के खिलाफ हो रहे इस आंदोलन में अधिक से अधिक लोग शामिल हों। पार्टी का कहना है कि यह लड़ाई केवल शिवसेना या किसी एक राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि देश के हर नागरिक और युवाओं के भविष्य की लड़ाई है इसलिए सभी लोग इस आंदोलन में शामिल होकर पूरे देश की आवाज बनें।
शिवतीर्थ पर उमड़ेगा भगवा जनसैलाब
रविवार को आंदोलन के दिन मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके बावजूद शिवसेना का कहना है कि हजारों शिवसैनिक हाथों में भगवा झंडा लेकर आंदोलन में शामिल होंगे। भगवा टोपी, कपड़े और झंडों से पूरा शिवतीर्थ भगवामय हो जाएगा और इस बीच शिवसेना की आवाज बुलंद होगी।
