भारत के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने रविवार को ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए तीसरे वनडे को यादगार बना दिया। युवराज ने मैच की शुरुआत का संकेत देने के लिए मैदान की मशहूर ‘पांच-मिनटवाली घंटी’ बजाई। साल २००७ से लॉर्ड्स के मैदान पर मैच शुरू होने से पहले घंटी बजाने की रिवायत शुरू हुई थी। युवराज पेविलियन में ‘बॉलर्स राइटिंग रूम’ के बाहर लगी मशहूर घंटी के पास खड़े हुए और उत्साहित दर्शकों के सामने यह सम्मानजनक रस्म पूरी की। उनके पीछे उनकी पत्नी और अभिनेत्री हेजल कीच के साथ-साथ मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब के अधिकारी और सदस्य भी मौजूद थे। वेस्टइंडीज के महान खिलाड़ी ब्रायन लारा और क्लाइव लॉयड भी वनडे सीरीज के इस निर्णायक मैच के लिए वहां मौजूद थे। युवराज सिंह २०११ वनडे विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य और ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ रहे थे। लॉर्ड्स में घंटी बजाने की परंपरा के तहत किसी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर, प्रशासक या खेल के जाने-माने प्रशंसक को घंटी बजाने के लिए बुलाया जाता है, ताकि यह संकेत दिया जा सके कि खेल शुरू होने में पांच मिनट बाकी हैं।
