– शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे करेंगे शुभारंभ
सामना संवाददाता / मुंबई
दादर स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज पार्क में आज से महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) द्वारा आयोजित भव्य दीपोत्सव की शुरुआत होने जा रही है। लाखों दीपों की जगमगाहट से चमकने वाले इस आयोजन का भव्य उद्घाटन शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे करेंगे। इस अवसर पर मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे सह परिवार उपस्थित रहेंगे, जिससे दीपोत्सव का आकर्षण और भी बढ़ गया है। हर वर्ष मनसे की ओर से छत्रपति शिवाजी महाराज पार्क में आयोजित किया जानेवाला यह दीपोत्सव न केवल मुंबईकरों के लिए, बल्कि पर्यटकों के लिए भी एक खास आकर्षण होता है। इस आयोजन में दिग्गज नेता, कलाकारों के साथ-साथ आम नागरिकों की भी भारी भीड़ उमड़ती है। पूरे परिसर में सजावट और रोशनी से उत्सवमय वातावरण बनता है, जिससे मुंबईवासी इस दीपोत्सव का बेसब्री से इंतजार करते हैं। इस वर्ष १७ अक्टूबर की शाम ६:३० बजे इस दीपोत्सव का शुभारंभ होगा।
राजनीतिक जगत की निगाहें
मनसे की ओर से पिछले १३ वर्षों से यह भव्य दीपोत्सव आयोजित किया जा रहा है, लेकिन इस बार खास बात यह है कि खुद शिवसेनापक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे इसमें शामिल हो रहे हैं। उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे के एक साथ आने से इस आयोजन की राजनीतिक अहमियत भी बढ़ गई है और अब पूरे महाराष्ट्र का राजनीतिक जगत इस पर नजर रखे हुए है।
फटाखों की आतिशबाजी और सांस्कृतिक झलक
शुक्रवार १७ से २६ अक्टूबर तक चलने वाले इस दीपोत्सव के दौरान पूरा छत्रपति शिवाजी महाराज पार्क रोशनी से जगमगाता रहेगा। रंग-बिरंगे आकाशकंदील, दीप, तोरण और आकर्षक सजावट से परिसर जगमगाएगा। जगह-जगह बनाई गई रंगोलियां इस आयोजन की सुंदरता को और बढ़ाएंगी, वहीं फटाखों की शानदार आतिशबाजी लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बनेगी। यहां शिवाजी पार्क परिसर में युवाओं के लिए कई सेल्फी पॉइंट्स बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा इस आयोजन के लिए भव्य और आकर्षक प्रवेशद्वार भी तैयार किया गया है
