मुख्यपृष्ठनए समाचारनासिक कुंभ से पहले खौफ का नेटवर्क ध्वस्त!.. सिंहस्थ को दहलाने की...

नासिक कुंभ से पहले खौफ का नेटवर्क ध्वस्त!.. सिंहस्थ को दहलाने की साजिश से हड़कंप?

-गैंगस्टर बिश्नोई समर्थकों का नेटवर्क बेनकाब

-एटीएस की कार्रवाई से टला बड़ा खतरा

-सुनील ओसवाल / मुंबई-नासिक

सिंहस्थ कुंभ मेले की तैयारियों के बीच नासिक से सामने आया एक खुलासा सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ाने वाला है। पाकिस्तान से जुड़े सोशल मीडिया नेटवर्क की जांच के दौरान आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) को ऐसे कई युवक मिले, जो न केवल पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के सोशल मीडिया नेटवर्क से जुड़े थे, बल्कि कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग की गतिविधियों और उसकी आपराधिक छवि का भी सोशल मीडिया पर समर्थन कर रहे थे। समय रहते एटीएस की कार्रवाई से किसी संभावित साजिश के पनपने से पहले ही उसे रोक दिया गया।
जांच के दौरान हिरासत में लिए गए २१ संदिग्धों में से १५ को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया, क्योंकि उनके खिलाफ किसी देश विरोधी गतिविधि या आतंकी साजिश में प्रत्यक्ष भूमिका के प्रमाण नहीं मिले। हालांकि, शेष संदिग्धों के मोबाइल फोन, व्हॉट्सऐप चैट, टेलीग्राम, इंस्टाग्राम और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म की गहन फॉरेंसिक जांच जारी है। जांच एजेंसियों के अनुसार, कुछ युवक सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग की कार्यशैली और गतिविधियों से प्रभावित थे। अभी तक उनके गैंग के साथ सीधे संपर्क या किसी आपराधिक वारदात में शामिल होने के प्रमाण नहीं मिले हैं, लेकिन कट्टरपंथी और संगठित आपराधिक नेटवर्क की ओर उनका झुकाव सुरक्षा एजेंसियों के लिए गंभीर चेतावनी माना जा रहा है।
इससे पहले भी जांच में सामने आया था कि दुबई में बैठा पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी सोशल मीडिया के जरिए भारतीय युवाओं को प्रभावित करने का प्रयास कर रहा है। देश के कुछ राज्यों में उसके नेटवर्क से जुड़े लोगों को पेट्रोल बम फेंकने और वीआईपी की रेकी जैसे कथित ‘टेरर टास्क’ दिए जाने की जानकारी भी जांच में सामने आई थी।

अन्य समाचार